परसाद में पुलिस का बड़ा एक्शन: डोडा चूरा से भरी स्कॉर्पियो पकड़ी, दो तस्कर गिरफ्तार पिस्तौल भी बरामद, नाकाबंदी तोड़कर भागे थे आरोपी; एस्कॉर्ट कर रही क्रेटा का चालक फरार

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

सलूंबर/परसाद। मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ सलूंबर पुलिस ने परसाद थाना क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए डोडा चूरा से भरी महिंद्रा स्कॉर्पियो जब्त की। पुलिस ने वाहन सवार दो आरोपियों को पीछा कर दबोच लिया। तलाशी के दौरान स्कॉर्पियो से डोडा चूरा के साथ एक पिस्तौल भी बरामद की गई है।
पुलिस अधीक्षक विशनाराम बिश्नोई के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत सलूंबर डीएसटी, साइबर सेल, सलूंबर थाना और परसाद थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया।

नाकाबंदी तोड़कर भागे, पुलिस ने घेरकर दबोचा

पुलिस को साइबर सेल के जरिए तस्करों की गतिविधियों की सूचना मिली थी। सूचना के बाद खेरवाड़ा से परसाद होते हुए उदयपुर की तरफ जाने वाले मार्ग पर निगरानी बढ़ाई गई। उदयपुर-अहमदाबाद हाईवे पर संदिग्ध स्कॉर्पियो नजर आने पर पुलिस ने उसे रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक ने रफ्तार बढ़ाकर नाकाबंदी तोड़ दी।

पुलिस टीम ने तत्काल पीछा शुरू किया। डीएसटी ने आगे से घेराबंदी कर स्कॉर्पियो को रोक लिया। वाहन रुकते ही दोनों आरोपी पैदल भागने लगे, जिन्हें पुलिस जवानों ने पीछा कर पकड़ लिया।

आगे चल रही थी क्रेटा,चालक फरार

पुलिस के मुताबिक स्कॉर्पियो के आगे एक क्रेटा कार भी चल रही थी। प्रारंभिक जांच में इसे स्कॉर्पियो को एस्कॉर्ट करने वाली गाड़ी माना जा रहा है। स्कॉर्पियो के रुकने के बाद क्रेटा चालक ने भी भागने की कोशिश की। पुलिस ने रास्ते में ट्रक खड़े करवाकर नाकाबंदी की, लेकिन चालक डिवाइडर पार कर दूसरी दिशा में निकल गया और फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।

उज्जैन से खेप लाने की जानकारी

प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि आरोपी उज्जैन स्थित महाकाल मंदिर में दर्शन के बाद स्कॉर्पियो में डोडा चूरा की खेप लेकर उदयपुर-अहमदाबाद हाईवे से आगे जा रहे थे। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर तस्करी के नेटवर्क, खेप के स्रोत और इसके गंतव्य की जानकारी जुटा रही है।

दोनों गिरफ्तार आरोपी बाड़मेर-बालोतरा क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं। पुलिस ने डोडा चूरा से भरी स्कॉर्पियो और पिस्तौल जब्त कर मामले में आगे की जांच शुरू कर दी है।

संवाददाता : नाथूलाल सालवी

और पढ़ें

error: Content is protected !!