रठौड़ा में PHC की मांग तेज, ग्रामीणों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा की उम्मीद चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री को भेजा प्रस्ताव, जिला कलेक्टर के माध्यम से शीघ्र स्वीकृति की मांग

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

सलूंबर। ग्राम रठौड़ा और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में प्राथमिक स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी को देखते हुए गांव में प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र (PHC) स्थापित करने की मांग उठी है। इस संबंध में चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री, राजस्थान सरकार के नाम जिला कलेक्टर सलूंबर के माध्यम से मांग-पत्र भेजकर आवश्यक कार्रवाई की मांग की गई है।

मांग-पत्र में बताया गया कि रठौड़ा सहित आसपास के क्षेत्र में बड़ी संख्या में ग्रामीण निवास करते हैं। स्थानीय स्तर पर पर्याप्त चिकित्सा सुविधा उपलब्ध नहीं होने के कारण ग्रामीणों को सामान्य उपचार से लेकर गंभीर बीमारी और आपातकालीन स्थिति में दूर स्थित स्वास्थ्य केन्द्रों का रुख करना पड़ता है। इससे मरीजों और उनके परिजनों को समय व आर्थिक परेशानी का सामना करना पड़ता है।
ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में PHC की स्थापना होने से महिलाओं, बच्चों, बुजुर्गों और अन्य मरीजों को नजदीक ही प्राथमिक उपचार उपलब्ध हो सकेगा। इसके साथ ही मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाएं, टीकाकरण, राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों से जुड़ी सुविधाएं तथा आपातकालीन प्राथमिक उपचार भी स्थानीय स्तर पर मिल सकेंगे।
मांग में रठौड़ा में PHC की स्वीकृति के साथ आवश्यक भवन, चिकित्सा अधिकारी, नर्सिंगकर्मी एवं अन्य स्टाफ तथा बजट उपलब्ध कराने की प्रक्रिया शुरू करने का आग्रह किया गया है।
ग्रामीणों ने जनहित को देखते हुए सरकार से रठौड़ा में प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र की मांग पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेने की उम्मीद जताई है।

रिपोर्टर जितेन्द्र पंचोली

 

और पढ़ें

error: Content is protected !!