सलुम्बर में 100 साल पुरानी कृषि भूमि पर ‘फर्जीवाड़ा’, 65 परिवारों पर बेघर होने का संकट; ग्रामीणों ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

 

 

सलुम्बर* । जिले की झल्लारा तहसील अंतर्गत ग्राम कादमा के निवासियों ने अपनी पुश्तैनी कृषि भूमि को फर्जी दस्तावेजों के जरिए हड़पने का गंभीर आरोप लगाते हुए जिलाधीश महोदय (सलुम्बर) को एक विस्तृत ज्ञापन सौंपा है। कादमा गाँव (पटवार हलका मालपुर) के लगभग 60 से 65 परिवार पिछले 100 से 150 वर्षों यानी तीन पीढ़ियों से इस कृषि भूमि पर निरंतर खेती-बाड़ी कर अपने परिवार का पालन-पोषण कर रहे हैं। ग्रामीणों ने अपने पसीने और गाढ़ी कमाई से इस ऊसर जमीन को कृषि योग्य और उपजाऊ बनाया है। वर्तमान में इस पूरी भूमि पर किसानों के लगभग 65-70 मकान बने हुए हैं, जहाँ वे सपरिवार निवास करते हैं, तथा फसलों की सिंचाई के लिए उन्होंने 20-25 कुएँ भी खोद रखे हैं।

मामले का खुलासा तब हुआ जब ग्रामीणों को अज्ञात सूत्रों से जानकारी मिली कि भू-माफियाओं ने गुपचुप तरीके से फर्जी दस्तावेज तैयार कर 13 जुलाई 2026 को कोलकाता स्थित कंपनी ‘दी मेमोरियल फाइनेंस एंड इन्वेस्टमेंट प्राइवेट लिमिटेड’ (35 ए, पी.पी. रोड, कोलकाता) के नाम से जमीन की फर्जी खातदारी और रजिस्ट्री करवा ली। ग्रामीणों का स्पष्ट दावा है कि पिछले 150 वर्षों के इतिहास में इस कथित कंपनी का कोई भी प्रतिनिधि न तो कभी मौके पर आया और न ही किसी ने कोई कृषि कार्य किया। आरोप है कि पंजीकरण अधिकारी द्वारा बिना किसी मौका निरीक्षण और बिना उचित प्रक्रिया अपनाए ही यह अवैध पंजीकरण जारी कर दिया गया। जब पीड़ितों ने कंपनी के वास्तविक मालिकों से संपर्क किया, तो उन्होंने भी इस प्रकार के किसी बेचान से पूरी तरह अनभिज्ञता जताते हुए इसे फर्जी करार दिया।

अब भू-माफिया खुद को कंपनी का प्रतिनिधि बताकर ग्रामीणों को उनकी ही पुश्तैनी जमीन से बेदखल करने की साजिश रच रहे हैं और लगातार दबाव बना रहे हैं। इस फर्जीवाड़े से आक्रोशित और भयभीत ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से माँग की है कि इस पूरे मामले की तत्काल प्रभाव से निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जाँच कराई जाए, फर्जी रजिस्ट्री को अविलंब निरस्त किया जाए और धोखाधड़ी करने वाले भू-माफियाओं व इसमें लिप्त लोगों के खिलाफ सख्त आपराधिक मुकदमा दर्ज किया जाए। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते प्रशासनिक कार्रवाई नहीं हुई, तो वर्षों से बसे 60 से अधिक परिवार पूरी तरह बेघर हो जाएँगे।

संवाददाता नाथूलाल सालवी

और पढ़ें

error: Content is protected !!