सलूम्बर में एसीबी का बड़ा ट्रैप, 10 हजार की रिश्वत लेते फूड सेफ्टी ऑफिसर गिरफ्तार फूड सैंपल की जांच के एवज में रिश्वत मांगने का आरोप, एएसपी अनंत कुमार की टीम ने की कार्रवाई
सलूम्बर। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने बुधवार को सलूम्बर में कार्रवाई करते हुए फूड सेफ्टी ऑफिसर घनश्याम सोलंकी को कथित रूप से 10 हजार रुपए की रिश्वत लेते ट्रैप किया। कार्रवाई के बाद एसीबी टीम आरोपी अधिकारी को अपने साथ ले गई और प्रकरण में नियमानुसार कार्रवाई शुरू की।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, खाद्य पदार्थों के सैंपल की जांच एवं कार्रवाई के संबंध में रिश्वत मांगने की शिकायत एसीबी तक पहुंची थी। शिकायत के सत्यापन के बाद एसीबी ने जाल बिछाया। जैसे ही रिश्वत की राशि ली गई, टीम ने कार्रवाई करते हुए अधिकारी को पकड़ लिया।
सत्यापन के बाद बिछाया जाल
एसीबी की ओर से शिकायत का सत्यापन कराया गया था। सत्यापन में रिश्वत मांगने की पुष्टि होने के बाद टीम ने ट्रैप कार्रवाई की। कार्रवाई एएसपी अनंत कुमार की टीम ने की। पूरी कार्रवाई डीआईजी डॉ. रामेश्वर सिंह के सुपरविजन में की गई।
भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई जारी
एसीबी की इस कार्रवाई से विभागीय स्तर पर भी हलचल मच गई। ब्यूरो की ओर से मामले में आगे की जांच और कानूनी प्रक्रिया जारी है। कार्रवाई के संबंध में एसीबी की ओर से विस्तृत तथ्य सामने आने के बाद ही पूरे प्रकरण की स्थिति स्पष्ट होगी।