सलूम्बर, 13 अगस्त। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत माय भारत केंद्र, सलूम्बर एवं हाड़ा रानी राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, सलूम्बर के संयुक्त तत्वावधान में “नशा मुक्त युवा–विकसित भारत” जिला स्तरीय प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना तथा स्वस्थ, सशक्त एवं जिम्मेदार समाज के निर्माण में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करना रहा।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि सलूम्बर विधायक श्रीमती शांता देवी मीणा रहीं, जबकि अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य श्री मुकेश चौहान ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में श्रीमती सोनल मीणा, पूर्व प्रधान पंचायत समिति सेमारी एवं श्री ललित गर्ग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के प्रारंभ में जिला युवा अधिकारी डॉ. समीर खान ने अतिथियों एवं प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए अभियान के उद्देश्य पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि युवाओं को नशे से दूर रखकर उन्हें सकारात्मक दिशा देना अभियान का प्रमुख लक्ष्य है।
युवाओं से नशे से दूर रहने का आह्वान
मुख्य अतिथि विधायक शांता देवी मीणा ने युवाओं को नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रहने तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि युवा शक्ति राष्ट्र की सबसे बड़ी ताकत है और युवाओं की सक्रिय भागीदारी से ही नशामुक्त समाज एवं विकसित भारत के संकल्प को साकार किया जा सकता है।
प्राचार्य मुकेश चौहान ने युवाओं से शिक्षा, अनुशासन और नैतिक मूल्यों को जीवन में अपनाने तथा नशामुक्ति का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
पेंटिंग से लेकर नाटक और नृत्य तक दिखी प्रतिभा
प्रतियोगिता में पेंटिंग, कविता पाठ, भाषण, नारा लेखन, रील/शॉर्ट फिल्म, नाटक, संगीत एवं नृत्य सहित विभिन्न विधाओं में प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। युवाओं ने अपनी रचनात्मक प्रस्तुतियों के माध्यम से नशे के दुष्परिणामों और नशामुक्त भारत के संदेश को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया।
इन प्रतिभागियों ने मारी बाजी
-
पेंटिंग: कुशाल जोशी
- कविता पाठ: तनीषा
- भाषण: धीरज चौबीसा
- नारा लेखन: राठौड़ ममता कुंवर
- रील/शॉर्ट फिल्म: पुनीत भलवारा
- नाटक: तनीषा भोई एवं टीम
- संगीत: लोकेश मीणा
- नृत्य: HRGC Salumber Team








