सलूम्बर में कांग्रेस की चुनावी बैठक, टिकट के दावेदारों ने दिखाई ताकत वार्ड आरक्षण के बाद सियासी सरगर्मी तेज, सभापति से लेकर पार्षद पद तक दावेदारों ने रखी दावेदारी; जनसमर्थन और जीत की संभावना पर होगा टिकट का फैसला

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

सलूम्बर। नगर परिषद चुनाव के लिए वार्ड आरक्षण की तस्वीर साफ होते ही सलूम्बर में सियासी गतिविधियां तेज हो गई हैं। कांग्रेस ने भी चुनावी तैयारियों को धार देते हुए सलूम्बर में संगठन की बैठक बुलाई।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष परमानन्द मेहता की अगुवाई में हुई बैठक में सभापति पद से लेकर अलग-अलग वार्डों में पार्षद पद के लिए दावेदारी जताने वाले कार्यकर्ताओं की बड़ी मौजूदगी रही।
बैठक में पूर्व सांसद रघुवीर सिंह मीणा, पूर्व विधायक प्रत्याशी, जिले के ब्लॉक अध्यक्ष, जिला कांग्रेस कार्यकारिणी के पदाधिकारी, वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए। इस दौरान आगामी नगर परिषद चुनाव को लेकर संगठन की तैयारियों, वार्डवार राजनीतिक समीकरण और संभावित प्रत्याशियों को लेकर मंथन किया गया।

आरक्षण के बाद बढ़ी दावेदारों की दौड़

नगर परिषद के 25 वार्डों का आरक्षण तय होने के बाद टिकट के इच्छुक कार्यकर्ताओं ने अपनी सक्रियता बढ़ा दी है। बैठक में कई दावेदारों ने अपने-अपने वार्ड से चुनाव लड़ने की इच्छा पार्टी नेताओं के सामने रखी। संगठन की ओर से दावेदारों की वार्ड में पकड़, कार्यकर्ताओं के बीच सक्रियता, जनता से जुड़ाव और चुनाव जीतने की संभावनाओं को लेकर फीडबैक लिया गया।

सभापति की कुर्सी पर भी नजर

वार्डों के आरक्षण के साथ सभापति पद को लेकर भी कांग्रेस के भीतर हलचल बढ़ गई है। बैठक में सभापति पद के संभावित दावेदारों को लेकर भी चर्चा हुई। पार्टी नेतृत्व की नजर ऐसे चेहरे तलाशने पर है, जिनकी संगठन में सक्रिय भूमिका के साथ-साथ क्षेत्र में मजबूत जनपकड़ हो।

जनसमर्थन और जीत का आधार

बैठक में नेताओं ने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर चुनाव मैदान में उतरने का आह्वान किया। टिकट वितरण को लेकर संकेत दिया गया कि केवल दावेदारी ही नहीं, बल्कि वार्ड में जनसमर्थन, संगठन के प्रति सक्रियता और चुनाव जीतने की क्षमता को भी महत्व दिया जाएगा।
कांग्रेस नेताओं ने कार्यकर्ताओं को अभी से वार्ड स्तर पर सक्रिय होने और मतदाताओं से संपर्क बढ़ाने की बात कही।
आरक्षण के बाद हुई इस बैठक को कांग्रेस की चुनावी रणनीति की शुरुआत के रूप में देखा जा रहा है। आने वाले दिनों में संभावित प्रत्याशियों को लेकर पार्टी की कवायद और तेज होने के आसार हैं।

और पढ़ें

error: Content is protected !!