सलूम्बर, 19 अगस्त। नगरीय निकाय चुनाव-2026 को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला मजिस्ट्रेट मुहम्मद जुनेद पी.पी. ने बुधवार को नगर परिषद सलूम्बर क्षेत्र के मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर चुनावी व्यवस्थाओं की स्थिति देखी
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बूथ संख्या 9 स्थित जल विभाग, सूरजपोल तथा बूथ संख्या 13 स्थित नगर पालिका के पुराने भवन का निरीक्षण किया। उन्होंने मतदान केंद्रों की भौतिक स्थिति के साथ वहां मतदाताओं के लिए उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने साफ-सफाई, पेयजल, बिजली, पर्याप्त रोशनी, छाया तथा प्रवेश और निकास की व्यवस्थाओं को प्राथमिकता के साथ पूरा कराने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि मतदान के दिन मतदाताओं को किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए और केंद्रों पर आवश्यक सुविधाएं पहले से सुनिश्चित रहें।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने अधिकारियों से कहा कि निर्वाचन आयोग के निर्धारित मापदंडों के अनुसार सभी मतदान केंद्रों की व्यवस्थाओं को समय रहते पूरा किया जाए। मतदाताओं की आवाजाही सुगम रहे और कानून-व्यवस्था से जुड़े मामलों में भी पूरी सतर्कता बरती जाए।
उन्होंने मतदान केंद्रों पर सामने आने वाली कमियों को तत्काल चिन्हित कर समयबद्ध तरीके से दूर करने के निर्देश दिए। साथ ही स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण मतदान के लिए सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने पर जोर दिया।
निरीक्षण के दौरान नगर परिषद आयुक्त एवं एसडीएम जगदीश चंद्र बामणिया सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।