मिशन सलूम्बर: बोर्ड परिणाम में गुणवत्ता पर जोर, हर विद्यार्थी की सफलता बने लक्ष्य कमजोर विद्यार्थियों के लिए अतिरिक्त कक्षाएं, नियमित मॉनिटरिंग और इंग्लिश स्पोकन कार्यक्रम पर विशेष फोकस

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

सलूम्बर, 22 अगस्त। मिशन सलूम्बर के तहत राजकीय विद्यालयों में शैक्षणिक गुणवत्ता सुधारने की कवायद तेज हो गई है। शनिवार को
जिला कलक्टर मुहम्मद जुनैद की अध्यक्षता में ब्लॉक जयसमंद के राजकीय विद्यालयों के प्रधानाचार्यों की बैठक हुई। इसमें आगामी कक्षा 10वीं बोर्ड परीक्षा परिणाम को शत-प्रतिशत करने के साथ विद्यार्थियों की विषयगत समझ और शैक्षणिक गुणवत्ता बढ़ाने पर मंथन किया गया।
बैठक में जिला कलक्टर ने कहा कि बोर्ड परिणाम को केवल आंकड़ों तक सीमित नहीं रखा जाए। प्रत्येक विद्यार्थी की वास्तविक शैक्षणिक प्रगति पर नजर रखते हुए उसकी कमजोरियों को दूर करना जरूरी है। उन्होंने प्रधानाचार्यों को कमजोर विद्यार्थियों को चिन्हित कर उनके लिए
विशेष शिक्षण और अतिरिक्त कक्षाएं संचालित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने विद्यालयों में विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति, विषयवार शिक्षण, गृहकार्य एवं अभ्यास कार्य की निगरानी तथा समय-समय पर प्रगति का आकलन करने पर जोर दिया। साथ ही प्रत्येक विद्यालय को अपनी परिस्थितियों के अनुसार प्रभावी कार्ययोजना तैयार कर उसे धरातल पर लागू करने के निर्देश दिए।

अंग्रेजी संवाद से बढ़ेगा आत्मविश्वास

विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास और संचार कौशल को मजबूत करने के लिए जिला कलक्टर ने विद्यालयों में इंग्लिश स्पोकन कार्यक्रम शुरू करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को अंग्रेजी में बातचीत का पर्याप्त अवसर मिले, जिससे उनकी झिझक दूर होने के साथ आत्मविश्वास में भी वृद्धि हो।
बैठक में ब्लॉक जयसमंद की ओर से प्रधानाचार्य राकेश शर्मा ने बोर्ड परीक्षा परिणाम सुधारने के लिए तैयार की गई कार्ययोजना की जानकारी दी। उन्होंने विद्यालयवार रणनीति, विद्यार्थियों की प्रगति की निगरानी तथा कमजोर विद्यार्थियों के लिए प्रस्तावित विशेष प्रयासों से अवगत कराया।

सामूहिक प्रयास से बदलेगा परिणाम

जिला कलक्टर ने कहा कि मिशन सलूम्बर की सफलता के लिए प्रत्येक विद्यालय को अपनी जिम्मेदारी गंभीरता और प्रतिबद्धता के साथ निभानी होगी। शिक्षक, प्रधानाचार्य और शिक्षा विभाग के अधिकारी आपसी समन्वय से काम करेंगे तो जिले के शैक्षणिक स्तर को नई ऊंचाई दी जा सकती है।
बैठक के अंत में सभी प्रधानाचार्यों ने कक्षा 10वीं का बोर्ड परिणाम शत-प्रतिशत एवं गुणवत्तापूर्ण बनाने के लिए मिशन सलूम्बर के तहत पूरी प्रतिबद्धता से कार्य करने का संकल्प लिया।बैठक में
जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक शिक्षा सलूम्बर डॉ. लोकेश भारती, मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी ननिहाल सिंह, प्रधानाचार्य अशोक जोशी, सुशील गुप्ता, आरपी रामलाल बुनकर, सौरभ मोड़, भरत किशोर सूत्रधार सहित ब्लॉक जयसमंद के समस्त प्रधानाचार्य मौजूद रहे।

और पढ़ें

error: Content is protected !!