मतदान केंद्रों की तैयारियों को परखा, कलेक्टर ने दिए जरूरी निर्देश

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

सलूंबर। नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 को लेकर जिला प्रशासन ने मतदान केंद्रों की तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। शनिवार सुबह जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलेक्टर मुहम्मद जुनेद पी.पी. ने सलूंबर शहर के मतदान केंद्र संख्या 18, 19 और 20 का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
कलेक्टर ने मतदान केंद्रों पर उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं के साथ मतदाताओं और मतदान दलों के लिए की जा रही व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मतदान दिवस से पहले सभी जरूरी इंतजाम पूरे कर लिए जाएं, ताकि मतदाताओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
साफ-सफाई और सुविधाओं पर जोर
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने मतदान केंद्रों पर पेयजल, बिजली, साफ-सफाई, प्रवेश एवं निकास व्यवस्था सहित अन्य आवश्यक सुविधाओं को लेकर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मतदान केंद्र तक मतदाताओं की पहुंच सुगम हो और मतदान की पूरी प्रक्रिया व्यवस्थित तरीके से संचालित हो।
अधिकारियों से तैयारियों की जानकारी लेते हुए उन्होंने निर्वाचन कार्य में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरतने को कहा। सभी अधिकारी और कार्मिक अपने दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करें और निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों की पूरी पालना सुनिश्चित करें।
निरीक्षण के दौरान उपखंड अधिकारी सलूंबर, तहसीलदार सलूंबर, आयुक्त नगर परिषद सलूंबर सहित सेक्टर अधिकारी एवं संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
विद्यार्थियों से जाना पढ़ाई का हाल
मतदान केंद्र परिसर में स्थित विद्यालय का भी कलेक्टर ने निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों से सहज संवाद करते हुए उनकी पढ़ाई, विद्यालय की सुविधाओं और भविष्य के लक्ष्यों के बारे में जानकारी ली।
उन्होंने विद्यालय स्टाफ से विद्यार्थियों की उपस्थिति, शैक्षणिक गतिविधियों और उपलब्ध संसाधनों की जानकारी ली। कलेक्टर ने गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ विद्यालय परिसर में स्वच्छता एवं अनुशासन बनाए रखने पर जोर दिया।
उन्होंने कहा कि जिन विद्यालयों को मतदान केंद्र बनाया गया है, वहां चुनावी तैयारियों के साथ विद्यार्थियों की नियमित पढ़ाई भी प्रभावित नहीं होनी चाहिए। इसके लिए संबंधित अधिकारी और विद्यालय स्टाफ आपसी समन्वय से व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें।
जिला प्रशासन की ओर से नगरीय निकाय चुनाव को लेकर मतदान केंद्रों की व्यवस्थाओं की लगातार समीक्षा की जा रही है, ताकि मतदान प्रक्रिया स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी, सुरक्षित और सुगम माहौल में संपन्न हो सके।

और पढ़ें

error: Content is protected !!