सल्लाड़ा में पटेल डांगी समाज की 52 चोखला बैठक, एकजुटता पर बनी सहमति कुलदेवी के समक्ष राजनीतिक पदों से इस्तीफे की घोषणा, पंचायत चुनाव से विधानसभा तक समाज की मजबूत भागीदारी पर मंथन
सलुम्बर सराड़ा उपखंड के सल्लाड़ा स्थित कुलदेवी मंदिर परिसर में पटेल डांगी समाज की 52 चोखला बैठक आयोजित हुई। बैठक में समाज के आगामी कार्यक्रमों, संगठन को मजबूत करने और सामाजिक हितों से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। बड़ी संख्या में समाजजन बैठक में शामिल हुए।
राजनीतिक पदों से ऊपर समाजहित को प्राथमिकता
बैठक के दौरान राजनीतिक दलों में विभिन्न पदों पर कार्यरत समाज के कुछ पदाधिकारियों ने कुलदेवी के समक्ष अपने राजनीतिक पदों से इस्तीफा देने की घोषणा की। वक्ताओं ने कहा कि समाजहित को राजनीतिक और व्यक्तिगत हित से ऊपर रखते हुए सामूहिक निर्णयों को प्राथमिकता दी जानी चाहिए।
‘राजनीतिक विचारधारा अलग, समाजहित में एकजुटता जरूरी’
बैठक में वक्ताओं ने कहा कि समाज के लोग अलग-अलग राजनीतिक दलों और विचारधाराओं से जुड़े हो सकते हैं, लेकिन सामाजिक मुद्दों पर सभी को एक मंच पर आकर काम करना चाहिए। वक्ताओं के अनुसार राजनीतिक दलों में पद मिलना अपनी जगह है, लेकिन समाज की एकता और सामाजिक अधिकारों को सर्वोच्च प्राथमिकता मिलनी चाहिए।
चुनावों को लेकर भी बनी रणनीति
बैठक में आगामी पंचायत चुनावों को लेकर समाज की भूमिका और समर्थन की रणनीति पर चर्चा हुई। साथ ही जिला परिषद से लेकर विधानसभा स्तर तक समाज का प्रतिनिधित्व मजबूत करने तथा समाज की ओर से उम्मीदवार उतारने पर भी जोर दिया गया।
बैठक में समाजजनों से आह्वान किया गया कि राजनीतिक मतभेदों से ऊपर उठकर शिक्षा, संगठन, सामाजिक अधिकार और समाजहित के मुद्दों पर सामूहिक रूप से आगे बढ़ें। वक्ताओं ने कहा कि समाज की एकजुटता ही उसकी सबसे बड़ी ताकत है।