चुनावी तैयारियों की जमीनी पड़ताल, आईटीआई खोलड़ी पहुंचे जिला निर्वाचन अधिकारी ईवीएम स्ट्रांग रूम से लेकर सुरक्षा इंतजामों तक लिया जायजा, अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

सलूम्बर, 24 अगस्त। नगरीय निकाय चुनाव-2026 को लेकर प्रशासन ने तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। इसी क्रम में जिला निर्वाचन अधिकारी मुहम्मद जुनेद पी.पी. ने सोमवार को आईटीआई खोलड़ी पहुंचकर चुनावी व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने यहां ईवीएम स्ट्रांग रूम, सुरक्षा व्यवस्था और निर्वाचन सामग्री के रख-रखाव सहित मतदान प्रक्रिया से जुड़ी तैयारियों की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी ने स्ट्रांग रूम की सुरक्षा व्यवस्था को विशेष प्राथमिकता देते हुए सीसीटीवी निगरानी, प्रवेश-निकास व्यवस्था और सुरक्षा प्रबंधों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि ईवीएम की सुरक्षा में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए और निर्वाचन आयोग के निर्धारित प्रोटोकॉल की पूरी तरह पालना सुनिश्चित की जाए।
मतदान दलों की आवाजाही और सामग्री व्यवस्था भी जांची
आईटीआई परिसर में जिला निर्वाचन अधिकारी ने निर्वाचन सामग्री के सुरक्षित भंडारण, मतदान दलों की आवाजाही, सुरक्षा इंतजाम तथा अन्य व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों से तैयारियों की प्रगति की जानकारी लेते हुए कहा कि चुनाव से जुड़े प्रत्येक कार्य को निर्धारित समयसीमा में पूरा किया जाए।
उन्होंने कहा कि नगरीय निकाय चुनाव स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय से काम करें और व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी करते रहें।
प्रोटोकॉल की पालना पर जोर
जिला निर्वाचन अधिकारी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्वाचन प्रक्रिया से संबंधित सभी व्यवस्थाओं में निर्धारित दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन हो। किसी भी स्तर पर कमी सामने आने पर तत्काल उसका समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि मतदान के दौरान किसी प्रकार की परेशानी उत्पन्न न हो।
निरीक्षण के दौरान उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलक्टर डॉ. दिनेश राय सापेला, ईआरओ जगदीश चंद्र बामणिया सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने जिला निर्वाचन अधिकारी को नगरीय निकाय चुनाव को लेकर की जा रही तैयारियों की विस्तृत जानकारी दी।

और पढ़ें

error: Content is protected !!