एक वोट की कीमत समझें, भाजपा को मजबूत बनाएं : तकत सिंह भाजपा नगर मंडल सलूम्बर का कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित, 25 वार्डों से 140 दावेदारों ने टिकट के लिए किए आवेदन

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

सलूम्बर। नगर परिषद चुनाव-2026 को लेकर भारतीय जनता पार्टी नगर मंडल, सलूम्बर की ओर से कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किया गया।
सम्मेलन में विधायक श्रीमती शांता अमृतलाल मीणा, सलूम्बर नगर निकाय चुनाव प्रभारी तकत सिंह, जिला अध्यक्ष चंद्रशेखर, मंडल अध्यक्ष विजेश भलवाड़ा, सलूम्बर उप प्रधान देवेन्द्र सिंह, प्रधान दुर्गा प्रसाद मीणा, जया मीणा सहित 25 वार्डों के पार्षद, 140 आवेदनकर्ता, भाजपा के वरिष्ठ कार्यकर्ता तथा नगर के युवा और बुजुर्ग बड़ी संख्या में मौजूद रहे।

सम्मेलन को संबोधित करते हुए नगर निकाय चुनाव प्रभारी तकत सिंह ने कार्यकर्ताओं से एक-एक वोट का महत्व समझने और चुनाव में पूरी ताकत के साथ जुटने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि एक वोट भी चुनाव का परिणाम बदल सकता है।
उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि एक वोट से सीपी जोशी हारे और राजस्थान में अशोक गहलोत की सरकार बनी। इसलिए एक वोट की कीमत क्या होती है, इसे समझना जरूरी है।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि 11 तारीख को अपना अमूल्य वोट भाजपा के पक्ष में देकर नगर में भाजपा का बोर्ड बनाएं।
उन्होंने कहा कि अभी डबल इंजन की सरकार है और अब सलूम्बर में भाजपा के पार्षदों को जिताकर तीसरा इंजन भी जोड़ना है।
सम्मेलन में कांग्रेस पर निशाना साधते हुए तकत सिंह ने कहा कि पिछले पांच वर्षों में सलूम्बर नगर की जो स्थिति हमने देखी है, कांग्रेस पार्टी के कार्यकाल में जिस प्रकार नगर की दुर्दशा हुई, वह किसी से छिपी नहीं है।
उन्होंने कहा कि आज भाजपा के सभी कार्यकर्ताओं में जो उत्साह और जोश दिखाई दे रहा है, वह इस बात का संकेत है कि निश्चित रूप से भारतीय जनता पार्टी को मजबूत करते हुए सलूम्बर नगर में विजय की ओर आगे बढ़ेंगे।
कार्यकर्ता सम्मेलन में आगामी नगर परिषद चुनाव को लेकर संगठन की रणनीति, वार्ड स्तर पर तैयारियों और कार्यकर्ताओं की भूमिका पर भी चर्चा हुई। बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की मौजूदगी से भाजपा ने चुनावी मैदान में अपनी सक्रियता का संदेश दिया।

और पढ़ें

error: Content is protected !!