साइकिलों पर निकला लोकतंत्र का संदेश, शत-प्रतिशत मतदान का आह्वान

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

सलूम्बर, 25 अगस्त। नगरीय निकाय चुनाव-2026 में अधिकाधिक मतदान सुनिश्चित करने के लिए सलूम्बर में मंगलवार को विद्यार्थियों ने साइकिलों पर सवार होकर शहरवासियों को मतदान का संदेश दियास्वीप कार्यक्रम के तहत आयोजित जागरूकता रैली में बालक-बालिकाओं ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया और आमजन से लोकतंत्र के इस पर्व में सक्रिय भागीदारी की अपील की
पी.एम. श्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय परिसर से सुबह करीब 10:30 बजे रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। रैली चूंगी नाका, मुख्य बस स्टैंड सहित शहर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी। विद्यार्थियों ने रास्तेभर मतदान से जुड़े नारों के माध्यम से लोगों को अपने मताधिकार का इस्तेमाल करने के लिए प्रेरित किया। रैली वापस विद्यालय पहुंचकर संपन्न हुई।

‘मतदान करना हमारी जिम्मेदारी’ का दिया संदेश

रैली में विद्यार्थियों ने लोकतंत्र की मजबूती के लिए प्रत्येक मत की अहमियत बताई। विशेष रूप से महिला मतदाताओं को जागरूक करते हुए “लोकतंत्र में नारी की भागीदारी, मतदान करना हमारी जिम्मेदारी” जैसे नारों के जरिए आगामी चुनाव में बढ़-चढ़कर मतदान करने का आह्वान किया गया।

विद्यार्थियों ने कहा कि मतदान केवल संवैधानिक अधिकार नहीं, बल्कि लोकतंत्र के प्रति जिम्मेदारी भी है। पात्र मतदाताओं को बिना किसी भय, दबाव या प्रलोभन के अपने विवेक से मतदान करना चाहिए।

बच्चों ने परिवारों तक पहुंचाया मतदान का संदेश

रैली में शामिल विद्यार्थियों में खासा उत्साह नजर आया। उन्होंने स्वयं मतदान के महत्व को समझने के साथ अपने परिवार, परिचितों और आसपास के लोगों को भी मतदान के लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया। स्वीप गतिविधि का मुख्य उद्देश्य युवा एवं महिला मतदाताओं की भागीदारी बढ़ाने के साथ मतदान प्रतिशत में वृद्धि करना रहा।

अधिकारी-कर्मचारी भी रहे मौजूद

रैली के दौरान विद्यालय के प्रधानाचार्य भगवान लाल त्रिवेदी, विद्यालय के कार्मिक, नगर परिषद के कर्मचारी तथा स्वीप प्रकोष्ठ से इंद्र लाल पांचाल, राजेंद्र कुमार, दिनेश कुमार सालवी, दीपक मेहता और प्रदीप जोशी सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
जिला निर्वाचन अधिकारी मुहम्मद जुनैद, रिटर्निंग अधिकारी जगदीश चन्द्र बामणिया, जिला स्वीप प्रभारी रामावतार यादव एवं नगर परिषद आयुक्त अभिषेक शर्मा के निर्देशन में आयोजित इस कार्यक्रम के माध्यम से प्रशासन ने मतदाताओं को चुनाव में अधिकतम भागीदारी के लिए प्रेरित किया।
प्रशासन की अपील: आगामी नगरीय निकाय चुनाव में प्रत्येक पात्र मतदाता मतदान केंद्र तक पहुंचे और अपने मताधिकार का प्रयोग करे। साथ ही परिवार और आसपास के लोगों को भी मतदान के लिए प्रेरित कर लोकतंत्र को मजबूत बनाने में सहभागी बने।

और पढ़ें

error: Content is protected !!