बस्सी जोयरा में टेम्पो रोककर चाकू से हमला, तीन आरोपी गिरफ्तार 10 युवकों ने चार बाइक से किया था पीछा, 50 से ज्यादा CCTV कैमरे खंगालने के बाद पुलिस ने दबोचा
सलूंबर। बस्सी जोयरा क्षेत्र में टेम्पो रोककर चालक से मारपीट और चाकू से जानलेवा हमला करने के मामले में सलूंबर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार वारदात में कुल 10 लोगों के शामिल होने की बात सामने आई है। फरार सात अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार 15 अगस्त को सलूंबर निवासी इमरान खां ने थाने में रिपोर्ट दी थी। उसने बताया कि वह टेम्पो में सवारी सकुड़ा उर्फ सुखलाल को बैठाकर बस्सी जोयरा की ओर जा रहा था। रास्ते में चार मोटरसाइकिलों पर सवार करीब 10 युवकों ने टेम्पो का पीछा कर उसे रुकवा लिया। आरोपियों ने रुपये मांगते हुए उसके साथ मारपीट शुरू कर दी।
इसी दौरान एक युवक ने धारदार चाकू से इमरान के सिर और गर्दन की ओर वार किया। बचाव में हाथ आगे करने पर चाकू उसके बाएं हाथ में लगा, जिससे गंभीर चोट आई और खून बहने लगा। टेम्पो में बैठे सकुड़ा उर्फ सुखलाल के साथ भी मारपीट की गई।
50 से अधिक जगहों के CCTV खंगाले
घटना के बाद पुलिस ने आरोपियों की पहचान के लिए सलूंबर, बस्सी और जयसमंद क्षेत्र में 50 से अधिक स्थानों के CCTV फुटेज खंगाले। करीब 100 लोगों से पूछताछ की गई। आरोपियों ने चेहरे ढक रखे थे, इसलिए पुलिस ने सोशल मीडिया और इंस्टाग्राम पर भी निगरानी बढ़ाई।
लगातार मुखबिर तंत्र और तकनीकी अनुसंधान के आधार पर पुलिस ने संदिग्धों की पहचान कर तीन युवकों को हिरासत में लिया। पूछताछ और अनुसंधान में उनके वारदात में शामिल होने की जानकारी सामने आने पर उन्हें गिरफ्तार किया गया।
ये तीन आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने राजेन्द्र पुत्र लक्ष्मण मीणा (21), निवासी मानपुरा, शांति लाल पुत्र वेला मीणा (19), निवासी जोधसागर भागल तथा हितेश पुत्र नवला मीणा (21), निवासी मानपुरा इसरवास, थाना सलूंबर को गिरफ्तार किया है।
जांच में चार मोटरसाइकिलों पर सवार कुल 10 लोगों के वारदात में शामिल होने की बात सामने आई है। पुलिस अब फरार सात आरोपियों की तलाश के साथ घटना में प्रयुक्त साधनों और अन्य तथ्यों की जांच कर रही है।
पुलिस टीम की अहम भूमिका
कार्रवाई में थानाधिकारीमुकेश नागदा,एएसआई राजेन्द्र सिंह राव,हेड कांस्टेबल प्रवीण सिंह,कांस्टेबल ईश्वर सिंह, शंकर और चालक कांस्टेबल नेपाल सिंह शामिल रहे। पुलिस के अनुसार मामले में अनुसंधान जारी है।