हिस्ट्रीशीटर के पास मिली अवैध बंदूक, झल्लारा पुलिस ने आर्म्स एक्ट में दर्ज किया मामला एक सप्ताह में अवैध हथियारों के खिलाफ दूसरी कार्रवाई; पुलिस ने बंदूक जब्त कर शुरू की जांच
सलूम्बर/झल्लारा। अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत झल्लारा थाना पुलिस ने एक और कार्रवाई करते हुए हिस्ट्रीशीटर के कब्जे से अवैध बंदूक बरामद की है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर हथियार जब्त कर लिया।
जिला पुलिस अधीक्षक विश्नाराम बिश्नोई के निर्देशन में तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रतन चावलाऔर सलूम्बर वृत्ताधिकारी राजीव राहर के पर्यवेक्षण में यह कार्रवाई की गई। झल्लारा थानाधिकारी धर्मेन्द्र सिंह वाघेला के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया।
पुलिस के अनुसार, कार्रवाई में थाना क्षेत्र के हिस्ट्रीशीटर अर्जुन उर्फ अजुड़ा मीणा (40) पुत्र खातिया मीणा, निवासी साजनोत दायमा फला, थाना झल्लारा को अवैध हथियार रखने के मामले में नामजद किया गया। आरोपी के विरुद्ध प्रकरण संख्या 178/26, धारा 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से मिली अवैध बंदूक को जब्त कर लिया।
एक सप्ताह में दूसरी कार्रवाई
झल्लारा थाना पुलिस की ओर से अवैध फायर आर्म्स के खिलाफ एक सप्ताह के भीतर यह दूसरी कार्रवाई बताई गई है। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में अवैध हथियार रखने और उनका इस्तेमाल करने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
पुलिस की कार्रवाई का उद्देश्य अपराध पर प्रभावी नियंत्रण के साथ आमजन में सुरक्षा की भावना मजबूत करना और अपराधियों में कानून का भय पैदा करना है।
इनकी रही भूमिका
कार्रवाई में झल्लारा थानाधिकारी धर्मेन्द्र सिंह वाघेला, सहायक उपनिरीक्षक पुंजीलाल मीणा, कांस्टेबल कपिल सुथार (209) तथा कांस्टेबल कुशाल सिंह (195) शामिल रहे।