11 KV हाई टेंशन लाइन का तार टूटने से भैंस की मौत, ग्रामीणों में रोष

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

सलूंबर झल्लारा। क्षेत्र की घटेड पंचायत अंतर्गत चूड़ावाला गांव में मंगलवार दोपहर एक बड़ा हादसा हो गया। यहाँ से गुजर रही 11 KV हाई टेंशन विद्युत लाइन का तार अचानक टूटकर गिर जाने से एक भैंस की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद से पीड़ित परिवार में मातम छा गया है और ग्रामीणों में विद्युत विभाग के प्रति गहरा आक्रोश है।

दोपहर 3:50 बजे हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार, मंगलवार दोपहर करीब 3:50 बजे चूड़ावाला गांव में 11 KV विद्युत लाइन का जर्जर तार अचानक टूट गया। तार सीधे पास में ही बंधी भैंस पर आ गिरा, जिससे करंट की चपेट में आकर भैंस अचेत होकर गिर पड़ी।
धमाके व हादसे को देख आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके की ओर दौड़े और आनन-फानन में पावर हाउस में सूचना देकर लाइन बंद करवाई। हालांकि, जब तक विद्युत आपूर्ति बंद हुई, तब तक भैंस की मौत हो चुकी थी।

गरीब परिवार कीआजीविका का सहारा छीना

हादसे की सूचना मिलने पर पशुपालक रामजी (पिता चोखाजी) निवासी चऊडा वाला मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने बताया कि रामजी का परिवार बेहद गरीब है और यह भैंस ही उनके परिवार के लालन-पालन व आजीविका का एकमात्र मुख्य जरिया थी। इस हादसे से पीड़ित परिवार पर आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।पशु एंबुलेंस मौके पर आ गई लेकिन विद्युत विभाग के कर्मचारी या लाइनमैन मौके पर नहीं पहुंचे।

जर्जर व झूलते तारों से बना रहता है हादसे का डर

ग्रामीणों ने आक्रोश व्यक्त करते हुए बताया कि गांव में 11 KV लाइन के तार लंबे समय से काफी नीचे झूल रहे हैं और पूरी तरह जर्जर हो चुके हैं। आए दिन हवा चलने या ऊंची गाड़ियों/लकड़ी की गाड़ियों से टकराकर तार टूटने की घटनाएं होती रहती हैं। पूर्व में भी विभाग को अवगत कराया गया था, लेकिन कोई स्थायी समाधान नहीं किया गया।

मुआवजे और तार बदलने की मांग

ग्रामीणों व पीड़ित परिवार ने विद्युत निगम के उच्च अधिकारियों से मांग की है कि:
पीड़ित पशुपालक रामजी को हुए आर्थिक नुकसान का उचित मुआवजा प्रदान किया जाए।
झूलते व जर्जर विद्युत तारों को हटाकर नए तार व पोल लगाए जाएं, तार के नीचे गार्डिग (सेप्टी) लगाई जावे ताकि भविष्य में किसी इंसानी या जन-धन की हानि से बचा जा सके।

संवाददाता नाथूलाल सालवी

और पढ़ें

error: Content is protected !!