पटवारियों की मांगों पर सरकार की बेरुखी से बढ़ा आक्रोश, आंदोलन तेज करने की चेतावनी गिरदावरी ऐप की खामियां दूर करने से लेकर वेतनमान और पदोन्नति तक की मांगें | पटवार संघ ने राजस्व मंडल के समक्ष उठाए छह प्रमुख मुद्दे
सलूंबर, 18 अगस्त। राजस्थान पटवार संघ ने अपनी विभिन्न लंबित मांगों और समस्याओं के समाधान में हो रही देरी को लेकर नाराजगी जताई है। संघ की ओर से राजस्व मंडल राजस्थान, अजमेर के निबंधक को उपखंड अधिकारी के माध्यम से ज्ञापन भेजकर मांगों पर तत्काल कार्रवाई की मांग की गई। संघ ने कहा कि लंबे समय से मांगें उठाने के बावजूद ठोस समाधान नहीं होने से प्रदेशभर के पटवारियों में असंतोष बढ़ रहा है।
संघ के अनुसार डीसीएस गिरदावरी ऐप में आ रही तकनीकी और व्यवहारिक समस्याओं के समाधान सहित अन्य मुद्दों को लेकर पूर्व में भी राजस्व विभाग और राजस्व मंडल को सुझाव एवं ज्ञापन दिए गए थे। ग्रामीण एवं शहरी सेवा शिविरों में पटवारी संवर्ग ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, लेकिन इसके बाद मांगों के निराकरण के लिए प्रस्तावित बैठक नहीं होने से कर्मचारियों में निराशा है।
गिरदावरी ऐप में बदलाव और लंबित मानदेय की मांग
पटवार संघ ने डीसीएस गिरदावरी ऐप में आवश्यक संशोधन करने, लंबित मानदेय का शीघ्र भुगतान करने तथा गिरदावरी लॉक होते ही मानदेय भुगतान की व्यवस्था लागू करने की मांग की है। साथ ही सर्वेयर और पटवारियों की सुरक्षा को लेकर प्रशासन को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करने तथा राजस्व विभाग द्वारा जारी संबंधित परिपत्र को वापस लेने की मांग भी ज्ञापन में रखी गई है।
पटवारी पद को तकनीकी पद घोषित करने की मांग
संघ ने पटवारी पद को तकनीकी पद घोषित कर ग्रेड पे 3600 और पे लेवल-10 देने की मांग उठाई है। इसके साथ ही पटवारियों के पदोन्नति अवसर बढ़ाने के लिए कैडर का पुनर्गठन करने की मांग भी की गई है।
ग्राम पंचायत स्तर पर पटवार मंडलसीबनाने पर जोर
पटवार संघ ने प्रत्येक ग्राम पंचायत में पटवार मंडल के सृजन, नगरीय निकायों सहित अन्य विभागों में पटवारी एवं राजस्व अधिकारियों के पद सृजित करने की मांग की है। संघ ने पटवारी संवर्ग से तहसीलदार पद पर पदोन्नति का 50 प्रतिशत कोटा निर्धारित करने सहित राजस्व व्यवस्था को मजबूत करने के लिए नए पद सृजित करने का सुझाव दिया है।
भत्तों में बढ़ोतरी और ग्रामीण क्षेत्र भत्ता मांगा
ज्ञापन में बहुआयामी भत्ता, दोहरा कार्य भत्ता, विशेष भत्ता और स्टेशनरी भत्ता सहित विभिन्न भत्तों में वृद्धि की मांग की गई है। संघ ने ग्रामीण क्षेत्र में कार्यरत पटवारियों के लिए ग्रामीण क्षेत्र भत्ता और ट्रैवलिंग अलाउंस शुरू करने तथा सभी विभागों में प्रतिनियुक्त या कार्यरत पटवारियों को समान रूप से देय भत्ते उपलब्ध कराने की मांग रखी।
लंबित पदोन्नतियां जल्द करने की मांग
पटवार संघ ने सभी बकाया पदोन्नतियां तत्काल करने तथा भविष्य में पदोन्नति प्रक्रिया को समयबद्ध बनाने के लिए नियमित पदोन्नति कैलेंडर जारी करने की मांग की है।
स्थानांतरण नीति स्पष्ट करने की मांग
संघ ने राजस्व एवं भू-अभिलेख व्यवस्था से जुड़े स्थानांतरण नियमों में आवश्यक सुधार करते हुए स्पष्ट एवं पारदर्शी स्थानांतरण नीति के तहत स्थानांतरण करने की मांग भी उठाई है।
पटवार संघ ने चेताया कि मांगों और समस्याओं पर शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को आगे भी जारी रखा जाएगा। संघ का कहना है कि पटवारी संवर्ग लगातार जनहित और राजस्व संबंधी कार्यों में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभा रहा है, इसलिए उनकी जायज मांगों का समयबद्ध समाधान किया जाना आवश्यक है।