जयपुर, 18 अगस्त। रक्षाबंधन के त्योहार पर ऑनलाइन गिफ्ट, कूपन और शुभकामना संदेशों के बहाने साइबर ठग सक्रिय हो गए हैं। राजस्थान साइबर क्राइम पुलिस ने आमजन को सतर्क करते हुए अनजान लिंक और मोबाइल फाइलों से दूरी बनाए रखने की सलाह दी है।
पुलिस के अनुसार ठग WhatsApp पर ‘RakshaBandhan.Greeting.apk’ और ‘Festival.Gift.apk’ जैसी फर्जी फाइलें भेज रहे हैं। इन्हें डाउनलोड या इंस्टॉल करने पर मोबाइल में मौजूद निजी और संवेदनशील जानकारी तक पहुंच बनाने की कोशिश की जा सकती है।
ऑफर के नाम पर बिछाया जाल
‘फ्री गिफ्ट’, ‘रक्षाबंधन स्पेशल ऑफर’, ‘फ्री रिचार्ज’ और भारी डिस्काउंट जैसे संदेश भेजकर लोगों को फर्जी वेबसाइट या फिशिंग लिंक पर पहुंचाया जा रहा है। यहां बैंकिंग जानकारी हासिल कर खाते से रकम उड़ाने का प्रयास किया जाता है।
रिश्तेदार बनकर भी मांग रहे पैसे
साइबर ठग परिचितों और रिश्तेदारों के नाम से फर्जी WhatsApp प्रोफाइल बनाकर अचानक पैसों की मांग कर सकते हैं। वहीं, राखी या गिफ्ट भेजने के नाम पर फर्जी कूरियर लिंक भेजकर भी ठगी की जा रही है।
पुलिस की खास अपील
• अनजान APK फाइल बिल्कुल डाउनलोड न करें।
• WhatsApp का मीडिया ऑटो-डाउनलोड बंद रखें।
• टू-स्टेप वेरिफिकेशन जरूर सक्रिय करें।
• गिफ्ट-कूपन के संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करें।
• परिचित के नाम से आए पैसों के अनुरोध की पहले फोन कर पुष्टि करें।
ठगी हो जाए तो तुरंत शिकायत
साइबर फ्रॉड की स्थिति में देरी न करें। राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत करें। साइबर हेल्पडेस्क 9256001930 / 9257510100 पर भी संपर्क किया जा सकता है। इसके अलावा cybercrime.gov.in पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई जा सकती है।
साइबर सुरक्षा का सबसे आसान मंत्र—लालच में क्लिक नहीं, पहले जांच और फिर कार्रवाई।









