सलूंबर, 18 अगस्त। ग्रामीणों की समस्याओं के त्वरित समाधान और प्रशासन को गांवों तक पहुंचाने के उद्देश्य से ग्राम पंचायत कालीभीत में बुधवार, 19 अगस्त को रात्रि चौपाल आयोजित होगी। पंचायत समिति लसाड़िया क्षेत्र में होने वाली इस चौपाल की अध्यक्षता जिला कलेक्टर मुहम्मद जुनेद पी.पी. करेंगे। कार्यक्रम शाम 6 बजे से शुरू होगा।
रात्रि चौपाल में ग्रामीण सीधे जिला प्रशासन के समक्ष अपनी समस्याएं और परिवेदनाएं रख सकेंगे। कलेक्टर संबंधित विभागों के अधिकारियों की मौजूदगी में प्रकरणों की सुनवाई करते हुए मौके पर ही समाधान की दिशा में कार्रवाई करेंगे।
अतिरिक्त जिला कलक्टर डॉ.दिनेश राय सापेला ने बताया कि चौपाल में शामिल होने वाले विभागीय अधिकारियों को अपने विभाग से संबंधित प्रकरणों की पूरी जानकारी, प्रगति रिपोर्ट और अद्यतन सूचनाओं के साथ उपस्थित रहने के निर्देश दिए गए हैं। अधिकारियों को बिना अनुमति मुख्यालय नहीं छोड़ने तथा चौपाल में अनिवार्य रूप से मौजूद रहने के निर्देश भी दिए गए हैं।
स्थानीय स्तर पर चौपाल की व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी संबंधित विकास अधिकारी को सौंपी गई है। प्रशासन का प्रयास है कि ग्रामीणों को अपनी समस्याओं के लिए जिला मुख्यालय के चक्कर नहीं लगाने पड़ें और मौके पर ही संबंधित विभागों के अधिकारियों से संवाद कर समाधान प्राप्त हो सके।
सीधा संवाद, मौके पर समाधान पर जोर
रात्रि चौपाल को ग्रामीणों और प्रशासन के बीच सीधा संवाद स्थापित करने की प्रभावी पहल माना जा रहा है। चौपाल के माध्यम से स्थानीय स्तर की समस्याओं की पहचान कर उनके समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण पर विशेष जोर रहेगा।