क्वार्टज से भरे दो ट्रेलर पकड़े, दस्तावेज नहीं मिले सलूंबर पुलिस की खनिज परिवहन पर कार्रवाई; दोनों चालकों के खिलाफ एमएमडीआर एक्ट व एमएमसीआर में केस

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

सलूंबर। अवैध खनिज परिवहन के खिलाफ सलूंबर थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अलग-अलग स्थानों से क्वार्टज पत्थर से भरे दो ट्रेलर जब्त किए। जांच के दौरान दोनों वाहनों के चालकों के पास खनिज परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज नहीं मिले। पुलिस ने दोनों मामलों में एमएमडीआर एक्ट और एमएमसीआर के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार हेड कांस्टेबल शम्भुसिंह पुलिस वाहन से थाना क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। आरटीओ सर्कल के पास बाईपास रोड की ओर से आते एक ट्रेलर को रोककर जांच की गई। ट्रेलर RJ-03-GA-7241 में क्वार्टज पत्थर भरा मिला। चालक ने पूछताछ में अपना नाम राजेन्द्र बंजारा (38) निवासी बोडीगामा हमीरपुरा, कलींजरा थाना क्षेत्र, बांसवाड़ा बताया। खनिज परिवहन से जुड़े दस्तावेज मांगे जाने पर वह कोई वैध कागजात पेश नहीं कर सका। इस पर पुलिस ने ट्रेलर को क्वार्टज समेत जब्त कर लिया।
अदकालिया में भी सामने आया मामला
दूसरी कार्रवाई थानाधिकारी मुकेश नागदा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने अदकालिया क्षेत्र में की। बाईपास रोड पर रोके गए ट्रेलर RJ-27-GE-7207 की तलाशी में भी क्वार्टज पत्थर मिला। चालक की पहचान मोहनलाल कटारा (30) निवासी नंगारची बड़ला, गढ़ी क्षेत्र, बांसवाड़ा के रूप में हुई। उससे भी खनिज परिवहन के वैध दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वह कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका।
पुलिस के मुताबिक खनिज विभाग से प्राप्त रिपोर्ट के आधार पर दोनों ट्रेलरों में क्वार्टज का परिवहन नियमों के विपरीत पाया गया। इसके बाद दोनों वाहनों को जब्त कर संबंधित धाराओं में मामले दर्ज किए गए। पुलिस अब खनिज के स्रोत और परिवहन से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।

और पढ़ें

error: Content is protected !!