सलूम्बर में चुनावी तस्वीर साफ: 25 वार्डों में 62 प्रत्याशी आमने-सामने दो दिन में 13 उम्मीदवारों ने वापस लिए नाम, 33 नामांकन पहले ही हुए थे खारिज; अब वार्डवार मुकाबले पर सबकी नजर

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

सलूम्बर। नगर परिषद चुनाव को लेकर नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के साथ ही सलूम्बर के चुनावी मैदान की तस्वीर साफ हो गई है। नगर परिषद के 25 वार्डों में अब कुल 62 प्रत्याशी चुनावी मुकाबले में हैं। नामांकन प्रक्रिया के दौरान कुल 108 आवेदन सामने आए थे, जिनमें जांच के बाद 33 नामांकन निरस्त हुए, जबकि नाम वापसी के अंतिम दौर में 13 उम्मीदवारों ने अपनी दावेदारी वापस ले ली।
अब मैदान में बचे प्रत्याशियों के बीच मुकाबला तय हो गया है। नगर परिषद सभापति का पद सामान्य वर्ग के लिए खुला रखा गया है, ऐसे में वार्डों के चुनाव परिणाम के साथ सभापति पद को लेकर भी राजनीतिक गतिविधियां तेज होने की संभावना है।
इन वार्डों से प्रत्याशियों ने वापस लिए नाम
नाम वापसी के बाद कई वार्डों में मुकाबले का गणित बदला है। वार्ड 25 से वंदना, पूजा शेखावत और संगीता राव ने नाम वापस लिया। वार्ड 12 से निर्मला देवी ने अपनी उम्मीदवारी वापस ली।
इसी तरह वार्ड 19 से वनिता पटेल और कृष्णा सोनी, वार्ड 22 से अशोक सालवी, वार्ड 17 से कैलाश तेली और विनोद जैन ने नाम वापस लिए।
वार्ड 3 से मोनिका, वार्ड 2 से जयप्रकाश और शुभम जैन तथा वार्ड 20 से आरती पटेल ने भी चुनावी मैदान से हटने का फैसला किया।
11 सितंबर को वार्डों में मतदान
सलूम्बर नगर परिषद के 25 वार्डों के लिए 11 सितंबर को मतदान प्रस्तावित है, जबकि 14 सितंबर को मतगणना होगी। नाम वापसी के बाद अब प्रत्याशियों के सामने मतदाताओं तक पहुंचने और अपने पक्ष में माहौल बनाने की चुनौती है।
वार्डों में मुकाबला स्पष्ट होने के साथ ही राजनीतिक दलों के साथ निर्दलीय प्रत्याशी भी प्रचार अभियान में पूरी ताकत झोंकेंगे। स्थानीय मुद्दे, वार्ड की समस्याएं और व्यक्तिगत जनसंपर्क चुनावी परिणाम में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
सभापति पद के लिए बाद में होगा चुनाव
नगर परिषद के अध्यक्ष/सभापति पद के लिए 21 सितंबर को मतदान और उसी दिन परिणाम घोषित किए जाने की जानकारी दी गई है। इसके बाद 22 सितंबर को उपाध्यक्ष का चुनाव होगा। ऐसे में वार्ड पार्षदों के परिणाम सामने आने के बाद सभापति पद को लेकर राजनीतिक समीकरण तेजी से बदल सकते हैं।

और पढ़ें

error: Content is protected !!