सलूंबर में पल्स पोलियो अभियान का आगाज, एक लाख से अधिक बच्चों को पिलाई जाएगी दो बूंद जिंदगी की 24 नवंबर तक चलेगा टीकाकरण अभियान, जिला कलक्टर ने बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाकर की शुरुआत
सलूंबर। जिले में बच्चों को पोलियो जैसी गंभीर बीमारी से सुरक्षित रखने के उद्देश्य से रविवार को उप राष्ट्रीय पल्स पोलियो टीकाकरण अभियान का शुभारंभ किया गया। जिला चिकित्सालय में आयोजित कार्यक्रम में जिला कलक्टर मुहम्मद पी.पी. जुनैद ने नन्हे बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाकर अभियान की शुरुआत की।
अभियान के तहत जिले में एक लाख से अधिक बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से अभियान को सफल बनाने के लिए आवश्यक तैयारियां की गई हैं। इसके तहत निर्धारित टीकाकरण केंद्रों पर बच्चों को पोलियो की दवा पिलाई जा रही है।
जिला कलक्टर ने अभियान के दौरान अभिभावकों से अपील की कि वे अपने पांच वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियो की खुराक अवश्य पिलाएं। उन्होंने कहा कि बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य और पोलियो मुक्त भविष्य के लिए प्रत्येक पात्र बच्चे तक टीकाकरण की पहुंच सुनिश्चित करना जरूरी है।
स्वास्थ्य विभाग की टीमें अभियान के दौरान घर-घर पहुंचकर भी यह सुनिश्चित करेंगी कि कोई भी बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित न रहे।
यह अभियान 24 नवंबर तक संचालित किया जाएगा। स्वास्थ्य विभाग ने आमजन से अपील की है कि वे इस राष्ट्रीय अभियान में सहयोग करें और अपने बच्चों को पोलियो की दो बूंद अवश्य पिलवाएं।