सलूंबर। ग्राम पंचायत बामनिया के गुड़गांव गांव में मंगलवार रात पैंथर की दस्तक से ग्रामीणों में दहशत फैल गई। रात करीब 1:30 बजे केशवलाल सुथार के मकान के बाहर कुत्तों के जोर-जोर से भौंकने और झगड़ने की आवाज सुनाई दी। आवाज सुनकर केशवलाल की नींद खुली तो बाहर का दृश्य देखकर उसके होश उड़ गए।
केशवलाल ने बताया कि एक पैंथर कुत्ते को अपने जबड़े में दबाकर ले जा रहा था। उसने शोर मचाते हुए लकड़ी से पैंथर को भगाने का प्रयास किया। शोर सुनकर पैंथर कुत्ते को वहीं छोड़कर भाग गया। घटना के बाद गांव में हड़कंप मच गया और ग्रामीणों में भय का माहौल है।
बारिश के कारण घर के अंदर सो रहा था परिवार
ग्रामीणों के अनुसार इन दिनों रिमझिम बारिश होने के कारण परिवार बाहर न सोकर घर के अंदर सो रहा था। इसी दौरान रात में कुत्तों के भौंकने की आवाज सुनाई दी। बाहर निकलकर देखने पर पैंथर दिखाई दिया। ग्रामीणों का कहना है कि यदि परिवार बाहर सो रहा होता तो बड़ा हादसा हो सकता था।
ग्रामीणों की मांग—तुरंत पिंजरा लगाकर करें बंदोबस्त
पैंथर की लगातार मौजूदगी से ग्रामीणों में भय बना हुआ है। ग्रामीणों ने वन विभाग एवं प्रशासन से गांव में तत्काल पिंजरा लगाने तथा पैंथर को पकड़ने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है।
ग्रामीणों का कहना है कि आज पैंथर ने कुत्ते को निशाना बनाया है, लेकिन गांव में परिवार रोजाना घरों में सोते हैं। ऐसे में किसी भी समय जनहानि की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। ग्रामीणों ने प्रशासन से समय रहते पैंथर को पकड़ने की कार्रवाई करने की मांग की है।






