सलूंबर। नगर परिषद चुनाव की तैयारियों के बीच सोमवार को सलूंबर कलेक्ट्रेट में 25 वार्डों में पार्षद पद के आरक्षण की लॉटरी निकाली गई। लॉटरी के बाद वार्डवार आरक्षण की तस्वीर साफ होते ही

संभावित दावेदारों और राजनीतिक दलों में हलचल तेज हो गई। कई वार्डों में चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे नेताओं के समीकरण अब नए सिरे से बनने लगे हैं लॉटरी में नगर परिषद के 25 वार्डों में से 15 वार्ड अनारक्षित रखे गए हैं

वहीं अनुसूचित जाति महिला, अनुसूचित जनजाति महिला और अनुसूचित जनजाति (ओपन) के लिए एक-एक वार्ड आरक्षित किया गया है। आरक्षण की घोषणा के साथ ही विभिन्न राजनीतिक दलों और संभावित प्रत्याशियों ने अपने-अपने वार्डों के समीकरणों को लेकर चर्चा शुरू कर दी।

अध्यक्ष पद अनारक्षित
नगर परिषद सलूंबर में सभापति/अध्यक्ष पद को अनारक्षित रखा गया है। ऐसे में अध्यक्ष पद के लिए सामान्य वर्ग सहित सभी पात्र दावेदारों के लिए चुनावी मैदान खुला रहेगा। आरक्षण की तस्वीर सामने आने के बाद अब पार्षद पद के साथ अध्यक्ष पद को लेकर भी राजनीतिक गतिविधियां तेज होने की संभावना है।

दावेदारों की बढ़ी सक्रियता
आरक्षण लॉटरी से पहले लंबे समय से अपने-अपने वार्डों में जनसंपर्क कर रहे संभावित प्रत्याशियों की नजरें आरक्षण पर टिकी थीं।

अब आरक्षण की स्थिति स्पष्ट होने के बाद राजनीतिक दलों के स्थानीय पदाधिकारी, कार्यकर्ता और चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे दावेदार सक्रिय हो गए हैं। कई वार्डों में नए चेहरों के सामने आने के साथ पुराने दावेदारों के सामने भी रणनीति बदलने की स्थिति बन गई है।








