सलूंबर, 20 अगस्त। नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 का बिगुल बजने के साथ ही सलूंबर नगर परिषद क्षेत्र में चुनावी गतिविधियां तेज हो गई हैं। राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से चुनाव कार्यक्रम घोषित किए जाने के बाद संबंधित क्षेत्रों में आदर्श आचार संहिता लागू हो चुकी है। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं कलक्टर मुहम्मद जुनेद पी.पी. ने गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर चुनाव कार्यक्रम, खर्च सीमा और आचार संहिता के प्रावधानों की जानकारी दी।
पार्षद के लिए 2.50 लाख की सीमा
बैठक में जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि नगर परिषद पार्षद पद के प्रत्याशी अधिकतम 2.50 लाख रुपए तक चुनावी खर्च कर सकेंगे। वहीं नगरपालिका सदस्य पद के प्रत्याशी के लिए खर्च की अधिकतम सीमा 1.50 लाख रुपए निर्धारित की गई है। प्रत्याशियों को चुनाव खर्च का लेखा निर्धारित प्रारूप ‘क’ में परिणाम घोषित होने के 15 दिन के भीतर जमा कराना होगा।
11 सितंबर को सलूंबर मेंमतदान
उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं एडीएम डॉ. दिनेश राय सापेला ने चुनाव कार्यक्रम की जानकारी देते हुए बताया कि सलूंबर नगर परिषद में द्वितीय चरण में 11 सितंबर को मतदान होगा। मतदान सुबह 7 से शाम 6 बजे तक कराया जाएगा। मतगणना 14 सितंबर 2026 को होगी।
चुनाव प्रक्रिया के तहत 27 अगस्त को अधिसूचना जारी होने के साथ नामांकन शुरू होंगे। नामांकन की अंतिम तिथि 31 अगस्त रहेगी। 1 सितंबर को नामांकन पत्रों की जांच होगी, जबकि 3 सितंबर को शाम 3 बजे तक नाम वापस लिए जा सकेंगे। इसके बाद 4 सितंबर को चुनाव चिन्हों का आवंटन किया जाएगा।
आचार संहिता की पालना पर जोर
जिला निर्वाचन अधिकारी ने राजनीतिक दलों और प्रत्याशियों से आदर्श आचार संहिता का पूरी तरह पालन करने की अपील की। उन्होंने स्पष्ट किया कि चुनाव कार्यक्रम की घोषणा के साथ 19 अगस्त से संबंधित शहरी निकाय क्षेत्रों में आचार संहिता प्रभावी हो गई है और चुनाव प्रक्रिया पूरी होने तक लागू रहेगी।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक रैली, जुलूस और सार्वजनिक सभा के लिए संबंधित उपखंड मजिस्ट्रेट की पूर्व अनुमति लेना अनिवार्य होगा।
सभापतिका चुनाव21 सितंबर को
नगर परिषद सभापति पद के लिए निर्वाचन प्रक्रिया भी निर्धारित कर दी गई है। 15 सितंबर को लोक सूचना जारी होगी। 16 सितंबर को नामांकन की अंतिम तिथि, 17 सितंबर को नामांकन पत्रों की संवीक्षा और 18 सितंबर को शाम 3 बजे तक नाम वापसी होगी। इसी दिन नाम वापसी की अवधि समाप्त होने के बाद चुनाव चिन्ह आवंटित किए जाएंगे। सभापति पद के लिए 21 सितंबर को सुबह 10 से दोपहर 2 बजे तक मतदान होगा। मतदान समाप्त होते ही मतगणना कराई जाएगी।
22 सितंबर को उपाध्यक्ष का ।निर्वाचन
उपाध्यक्ष पद के लिए निर्वाचन 22 सितंबर 2026 को होगा। सुबह 10 बजे बैठक शुरू होगी और 11 बजे नामांकन दाखिल किए जाएंगे। 11.30 बजे नामांकन पत्रों की संवीक्षा होगी। दोपहर 2 बजे तक नाम वापस लिए जा सकेंगे। जरूरत पड़ने पर दोपहर 2.30 से शाम 5 बजे तक मतदान होगा और इसके तुरंत बाद मतगणना की जाएगी।
बैठक में एडीएम डॉ. दिनेश राय सापेला सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।









