सलूंबर। नगर परिषद चुनाव के तहत शुक्रवार को हुए मतदान में शहर के मतदाताओं ने उत्साह दिखाया। 25 वार्डों में कुल 15,614 मतदाताओं में से 12,286 ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया, जिससे कुल मतदान प्रतिशत 78.69 फीसदी रहा। खास बात यह रही कि मतदान में महिलाओं की भागीदारी पुरुषों से अधिक रही। महिलाओं ने पुरुषों की तुलना में 166 अधिक वोट डाले।
मतदान के दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलक्टर मुहम्मद जुनेद पी.पी. ने शहर के आदर्श सहित विभिन्न मतदान केंद्रों का दौरा किया। उन्होंने मतदान प्रक्रिया, सुरक्षा व्यवस्था और मतदाताओं के लिए उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया। संवेदनशील केंद्रों पर विशेष सतर्कता बरतने तथा बूथों के आसपास अनावश्यक भीड़ नहीं होने देने के निर्देश दिए।
वार्ड-5 में सबसे ज्यादा मतदान, 93.30 फीसदी पहुंचा आंकड़ा
मतदान प्रतिशत के लिहाज से वार्ड-5 सबसे आगे रहा। यहां कुल 463 मतदाताओं में से 432 ने वोट डाला। इस तरह मतदान प्रतिशत 93.30 फीसदी रहा। इसके बाद वार्ड-1 में 93.15 फीसदी और वार्ड-6 में 91.34 फीसदी मतदान दर्ज किया गया।
वहीं वार्ड-15 में सबसे कम 57.68 फीसदी मतदान हुआ। यहां 723 मतदाताओं में से 417 ने मतदान किया।
कहां कितना मतदान हुआ
वार्ड-1: 321 में से 299 — 93.15%
वार्ड-2: 399 में से 282 — 70.68%
वार्ड-3: 427 में से 305 — 71.43%
वार्ड-4: 409 में से 305 — 74.57%
वार्ड-5: 463 में से 432 — 93.30%
वार्ड-6: 508 में से 464 — 91.34%
वार्ड-7: 409 में से 305 — 74.57%
वार्ड-8: 633 में से 510 — 80.57%
वार्ड-9: 677 में से 556 — 82.13%
वार्ड-10 से 17 तक
वार्ड-10 में 898 में से 673 मत पड़े और मतदान 74.94 फीसदी रहा। वार्ड-11 में 991 में से 800 मतदाताओं ने वोट डाला, जबकि मतदान प्रतिशत 80.73 रहा।
वार्ड-12 में 662 में से 508 (76.74%), वार्ड-13 में 685 में से 504 (73.58%) और वार्ड-14 में 430 में से 310 (72.09%) मत पड़े।
वार्ड-15 में 723 में से 417 (57.68%), वार्ड-16 में 864 में से 635 (73.50%) और वार्ड-17 में 866 में से 637 (73.56%) मतदाताओं ने मतदान किया।
वार्ड-18 से 25 तक
वार्ड-18 में 630 में से 479 (76.03%), वार्ड-19 में 598 में से 457 (76.42%) और वार्ड-20 में 500 में से 415 (83.00%) मत पड़े।
वार्ड-21 में 465 में से 396 (85.16%), वार्ड-22 में 681 में से 574 (84.29%) तथा वार्ड-23 में 689 में से 602 (87.37%) मतदाताओं ने मतदान किया।
वार्ड-24 में 997 में से 800 (80.24%) और वार्ड-25 में 564 में से 463 (82.09%) मत पड़े।
बुजुर्ग-दिव्यांग मतदाताओं के लिए रहे विशेष इंतजाम
मतदान केंद्रों पर बुजुर्ग और दिव्यांग मतदाताओं की सुविधा का भी ध्यान रखा गया। जरूरत के अनुसार व्हीलचेयर और आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराई गई। मतदान केंद्रों पर पहचान जांच की प्रक्रिया का पालन कराने के साथ पोलिंग एजेंटों को भी निर्धारित पहचान-पत्र के साथ मौजूद रहने के निर्देश दिए गए।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने मतदान प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण बनाए रखने पर जोर दिया। मतदान के दौरान प्रशासन एवं पुलिस की ओर से लगातार निगरानी रखी गई और संवेदनशील केंद्रों पर अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था तैनात रही।
इस दौरान पीआरओ पुष्पक मीणा, अमोल अहारी, भगवती मीणा सहित संबंधित अधिकारी एवं मतदान कार्मिक मौजूद रहे।




