सलूंबर, 11 अगस्त। जिला कलक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी मुहम्मद जुनेद पी.पी. ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट के वीसी कक्ष एवं सभागार में आयोजित साप्ताहिक समीक्षा बैठक में विभागीय योजनाओं, जनकल्याणकारी कार्यक्रमों और आगामी चुनावों की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि आमजन से जुड़े मामलों में देरी या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
पेयजल और बिजली व्यवस्था पर रहेगी नजर
बारिश के मौसम को देखते हुए कलक्टर ने पेयजल व्यवस्था की समीक्षा की। अधिकारियों को जल गुणवत्ता की नियमित जांच और शिकायत मिलते ही त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। विद्युत आपूर्ति बाधित होने पर मरम्मत कार्य तेजी से पूरा कर बिजली जल्द बहाल करने को कहा।
संपर्क पोर्टल की शिकायतों का हो गुणवत्तापूर्ण समाधान
बैठक में संपर्क पोर्टल पर लंबित शिकायतों की विभागवार समीक्षा की गई। कलक्टर ने कहा कि महज पोर्टल पर निस्तारण दर्ज करना पर्याप्त नहीं है। शिकायतकर्ता को वास्तविक और संतोषजनक समाधान मिलना चाहिए। लंबित प्रकरणों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
पौधे लगाना ही नहीं, बचाना भी जरूरी
हरियालो राजस्थान अभियान की समीक्षा के दौरान विभागों को निर्धारित पौधारोपण लक्ष्य समय पर पूरा करने को कहा गया। कलक्टर ने कहा कि पौधारोपण के बाद उनकी नियमित देखभाल और संरक्षण भी उतना ही महत्वपूर्ण है। वन विभाग सहित संबंधित विभागों को समय पर पौधों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
चुनाव को लेकर तैयारियों की पड़ताल
आगामी नगरीय निकाय एवं पंचायती राज संस्थाओं के आम चुनाव-2026 को लेकर भी बैठक में विस्तृत समीक्षा हुई। जिला निर्वाचन अधिकारी ने मतदाता सूचियों के अद्यतन, मतदान केन्द्रों की व्यवस्था, मतदान दलों के गठन, कार्मिक प्रशिक्षण और निर्वाचन सामग्री सहित सभी तैयारियां निर्धारित समय में पूरी करने को कहा।
संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील मतदान केन्द्रों पर पर्याप्त सुरक्षा और प्रभावी निगरानी रखने के निर्देश दिए गए। मतदान केन्द्रों पर पेयजल, बिजली, छाया, शौचालय, रैंप एवं व्हीलचेयर जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया गया।







