सलूंबर में चुनावी तैयारियों से लेकर हरियालो राजस्थान तक कलक्टर ने कसी कमान साप्ताहिक समीक्षा बैठक में योजनाओं की प्रगति परखी, लंबित प्रकरणों के त्वरित निस्तारण के दिए निर्देश

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

सलूंबर, 11 अगस्त। जिला कलक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी मुहम्मद जुनेद पी.पी. ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट के वीसी कक्ष एवं सभागार में आयोजित साप्ताहिक समीक्षा बैठक में विभागीय योजनाओं, जनकल्याणकारी कार्यक्रमों और आगामी चुनावों की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि आमजन से जुड़े मामलों में देरी या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

पेयजल और बिजली व्यवस्था पर रहेगी नजर

बारिश के मौसम को देखते हुए कलक्टर ने पेयजल व्यवस्था की समीक्षा की। अधिकारियों को जल गुणवत्ता की नियमित जांच और शिकायत मिलते ही त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। विद्युत आपूर्ति बाधित होने पर मरम्मत कार्य तेजी से पूरा कर बिजली जल्द बहाल करने को कहा।

संपर्क पोर्टल की शिकायतों का हो गुणवत्तापूर्ण समाधान

बैठक में संपर्क पोर्टल पर लंबित शिकायतों की विभागवार समीक्षा की गई। कलक्टर ने कहा कि महज पोर्टल पर निस्तारण दर्ज करना पर्याप्त नहीं है। शिकायतकर्ता को वास्तविक और संतोषजनक समाधान मिलना चाहिए। लंबित प्रकरणों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

पौधे लगाना ही नहीं, बचाना भी जरूरी

हरियालो राजस्थान अभियान की समीक्षा के दौरान विभागों को निर्धारित पौधारोपण लक्ष्य समय पर पूरा करने को कहा गया। कलक्टर ने कहा कि पौधारोपण के बाद उनकी नियमित देखभाल और संरक्षण भी उतना ही महत्वपूर्ण है। वन विभाग सहित संबंधित विभागों को समय पर पौधों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

चुनाव को लेकर तैयारियों की पड़ताल

आगामी नगरीय निकाय एवं पंचायती राज संस्थाओं के आम चुनाव-2026 को लेकर भी बैठक में विस्तृत समीक्षा हुई। जिला निर्वाचन अधिकारी ने मतदाता सूचियों के अद्यतन, मतदान केन्द्रों की व्यवस्था, मतदान दलों के गठन, कार्मिक प्रशिक्षण और निर्वाचन सामग्री सहित सभी तैयारियां निर्धारित समय में पूरी करने को कहा।

संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील मतदान केन्द्रों पर पर्याप्त सुरक्षा और प्रभावी निगरानी रखने के निर्देश दिए गए। मतदान केन्द्रों पर पेयजल, बिजली, छाया, शौचालय, रैंप एवं व्हीलचेयर जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया गया।

हर घर तिरंगा में बढ़ेगी जनभागीदारी

बैठक में हर घर तिरंगा अभियान की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। 9 से 17 अगस्त तक जिलेभर में विभिन्न जनभागीदारी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। तिरंगे की थीम पर फोटो-वीडियो प्रदर्शनी, हस्तशिल्प, तिरंगा निर्माण, सांस्कृतिक कार्यक्रम और स्थानीय उत्पादों का प्रदर्शन होगा।
13 से 17 अगस्त तक सरकारी कार्यालयों, स्मारकों, बाजारों और सार्वजनिक स्थलों को तिरंगा थीम से सजाया जाएगा। 14 अगस्त को ग्राम पंचायत स्तर पर सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे, जबकि 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस समारोह में नागरिकों को तिरंगा शपथ दिलाई जाएगी।

ई-फाइल से तेज होगा सरकारी कामकाज

कलक्टर ने अंतरविभागीय मामलों में बेहतर समन्वय और जनहित के कार्यों को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकतम कार्यालयीन कार्य ई-फाइल के माध्यम से करने पर जोर देते हुए कहा कि इससे कार्यों में तेजी के साथ जवाबदेही भी सुनिश्चित होगी। बैठक में जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे, जबकि ब्लॉक स्तरीय अधिकारी वीसी के माध्यम से जुड़े।

और पढ़ें

error: Content is protected !!