अटल गौरव समारोह में विकास का शंखनाद, सलूंबर को 86 करोड़ की सौगात निम्बाहेड़ा के राज्य स्तरीय समारोह का सलूंबर में हुआ सीधा प्रसारण, जिले में 34 विकास कार्यों का लोकार्पण-शिलान्यास

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

सलूंबर, 16 अगस्त। पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटल बिहारी वाजपेयी की स्मृतियों को नमन करते हुए रविवार को अटल गौरव स्मृति समारोह आयोजित किया गया। चित्तौड़गढ़ जिले के निम्बाहेड़ा में हुए राज्य स्तरीय कार्यक्रम का सीधा प्रसारण सलूंबर जिला कलेक्टर परिसर स्थित हॉल में किया गया। कार्यक्रम में केंद्र एवं राज्य सरकार की विकास योजनाओं और आगामी कार्यों को लेकर कई महत्वपूर्ण घोषणाएं सामने आईं।

 

राज्य स्तरीय समारोह में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने अटल बिहारी वाजपेयी के राष्ट्र निर्माण में योगदान को याद करते हुए कहा कि अटलजी का जीवन राष्ट्र प्रथम की भावना से प्रेरित रहा। उनके कार्यकाल में देश ने राष्ट्रीय सुरक्षा, आधारभूत ढांचे और विकास के क्षेत्र में महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल कीं।

5659 करोड़ के 944 कार्यों का लोकार्पण-शिलान्यास

समारोह के दौरान प्रदेश के 15 जिलों में 5,659 करोड़ रुपये की लागत के 944 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया गया। जल जीवन मिशन के तहत 1,500 गांवों को हर घर नल से जल उपलब्ध कराने की सौगात भी दी गई।

अमित शाह ने कहा कि केंद्र सरकार ने जनजातीय विकास को प्राथमिकता देते हुए बजट में उल्लेखनीय वृद्धि की है। भगवान बिरसा मुंडा की जयंती को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने और जनजातीय स्वतंत्रता सेनानियों की स्मृति में संग्रहालय स्थापित करने जैसे कदम इसी दिशा में उठाए गए हैं।

64 लाख घरों तक पहुंचा नल का पानी

केंद्रीय मंत्री ने जल जीवन मिशन की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि राजस्थान में पिछले आठ वर्षों के दौरान 64 लाख घरों तक नल से जल पहुंचाया गया है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा द्वारा किए गए तीन बड़े जल समझौतों से प्रदेश के बड़े हिस्से की पानी संबंधी जरूरतों को पूरा करने में मदद मिलने की बात भी उन्होंने कही।

उन्होंने राजस्थान में निवेश, रोजगार, जल संरक्षण, हरियाली और आधारभूत ढांचे के क्षेत्र में हो रहे कार्यों की सराहना की।

अटलजी की विरासत को आगे बढ़ाने का संकल्प

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को महान राष्ट्रनेता बताते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में भारत ने परमाणु शक्ति के क्षेत्र में महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की। कारगिल युद्ध में विजय ने देश की सामरिक क्षमता और प्रतिष्ठा को नई मजबूती दी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अटलजी की गौरवशाली परंपरा को आगे बढ़ाते हुए भारत को मजबूत और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि नए आपराधिक कानूनों के लागू होने से न्याय व्यवस्था में व्यापक सुधार आया है और राजस्थान तेजी से विकास की ओर बढ़ रहा है।

सलूंबर के हिस्से में 34 विकास कार्य

राज्य स्तरीय समारोह में सलूंबर जिले को भी बड़ी विकास सौगात मिली। जिले में 86 करोड़ रुपये से अधिक की लागत के 34 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया गया।
इन परियोजनाओं से जिले में सड़क, आधारभूत सुविधाओं और विभिन्न विकास गतिविधियों को गति मिलने की उम्मीद है। जिला प्रशासन की ओर से सरकारी योजनाओं को प्रभावी ढंग से धरातल पर उतारने तथा स्वीकृत विकास कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा कराने पर जोर दिया जा रहा है।

अधिकारी रहे मौजूद

जिला स्तरीय कार्यक्रम में जिला कलक्टर मुहम्मद जुनेद पी.पी., अतिरिक्त जिला कलक्टर डॉ. दिनेश राय सापेला, सीएमएचओ डॉ. महेन्द्र परमार, एसीपी दीपक धाकड़, जिला शिक्षा अधिकारी लोकेश भारती, सहायक रजिस्ट्रार सहकारिता विभाग ओंकारलाल बुनकर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

और पढ़ें

नौली स्कूल में देशभक्ति के रंग में रंगा स्वतंत्रता दिवस समारोहसरपंच नानूराम मीणा व प्रधानाचार्य ने फहराया तिरंगा, विद्यार्थियों ने दी सांस्कृतिक प्रस्तुतियां | अतिथियों का माला-उपर्णा ओढ़ाकर सम्मान

नावड़ा में नदी पार करना पड़ा जानलेवा, बुजुर्ग महिला की बहने से मौत क्षतिग्रस्त पुल ने बढ़ाई ग्रामीणों की परेशानी, पशुओं के बाड़े की ओर जाते समय हादसा | घटना के बाद ग्रामीणों में प्रशासन के प्रति आक्रोश

error: Content is protected !!