सलूंबर। नगर निकाय आम चुनाव-2026 को लेकर सलूंबर नगर परिषद क्षेत्र में चुनावी तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। आगामी 11 सितंबर को मतदान होना है। मतदान को लेकर जिला प्रशासन की ओर से मतदाताओं को जागरूक करने का अभियान भी तेज कर दिया गया है।
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं कलेक्टर मुहम्मद जुनेद पीपी ने वीडियो संदेश जारी कर शहरवासियों से लोकतंत्र के इस महापर्व में बढ़-चढ़कर भाग लेने और अपने मताधिकार का अनिवार्य रूप से उपयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रत्येक मतदाता का वोट लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
कलेक्टर ने विशेष रूप से युवाओं और पहली बार मतदान करने जा रहे मतदाताओं से मतदान केंद्र पर पहुंचकर अपने मताधिकार का प्रयोग करने का आग्रह किया। उन्होंने मतदाताओं से अपील की कि वे किसी भी प्रकार की उदासीनता न बरतें और 11 सितंबर को मतदान कर लोकतंत्र के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाएं।




