सलूंबर। अखिल भारतीय श्री विश्वकर्मा महासंगठन जिला सलूंबर के तत्वावधान में श्री गोपेश्वर महादेव मंदिर, कन्तोड़ा में समाज की बैठक आयोजित हुई। बैठक में संगठन की मजबूती, समाज में आपसी समन्वय, शिक्षा के प्रसार और आगामी पंचायत चुनावों में समाज की भूमिका को लेकर चर्चा की गई। इस दौरान जिले की विभिन्न तहसीलों की कार्यकारिणियों की घोषणा की गई। जिला अध्यक्ष खेमराज सुथार ने पदाधिकारियों एवं सदस्यों का उपरना ओढ़ाकर और तिलक लगाकर सम्मान किया।
पंचायत चुनाव में समाज के प्रत्याशियों को सहयोग का आह्वान
बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिला अध्यक्ष खेमराज सुथार ने महासंगठन के उद्देश्यों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार विगत नगरपालिका चुनाव में समाज के लोगों ने अपने प्रत्याशियों को समर्थन और सहयोग दिया, उसी प्रकार आगामी पंचायत चुनावों में भी विश्वकर्मा समाज के प्रत्याशियों को सहयोग दिया जाना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रत्याशी किसी भी राजनीतिक दल से जुड़ा हो, समाजहित में उसके साथ सहयोग और समन्वय की भावना रखनी चाहिए।
शिक्षा को बताया समाज के विकास की पहली सीढ़ी
बैठक में उपस्थित समाज के वरिष्ठजनों और पदाधिकारियों ने अपने विचार रखते हुए शिक्षा को समाज के सर्वांगीण विकास का प्रमुख आधार बताया। वक्ताओं ने कहा कि समाज की भावी पीढ़ी को बेहतर शैक्षणिक अवसर उपलब्ध कराने, युवाओं को आगे बढ़ाने और विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने के लिए सामूहिक प्रयास आवश्यक हैं।
इसी क्रम में उदयपुर में उदयपुर जांगिड़ विश्वकर्मा विकास संस्थान की ओर से आयोजित सम्मेलन में समाज के तीन घटकों—जांगिड़, मेवाड़ा और गुजराती मेवाड़ा—की सहभागिता से जुड़े प्रस्ताव को आगे बढ़ाने की आवश्यकता जताई गई। वक्ताओं ने अध्यक्ष भेरूलाल के नेतृत्व में 7 जुलाई को आयोजित सम्मेलन में रखे गए प्रस्ताव का उल्लेख करते हुए उदयपुर में अध्ययनरत विद्यार्थियों के लिए छात्रावास निर्माण की दिशा में प्रयास करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही समाज के विकास की पहली सीढ़ी है और विद्यार्थियों को उचित सुविधाएं मिलना समय की आवश्यकता है।
प्रदेश से तहसील स्तर तक के पदाधिकारी रहे मौजूद
बैठक में प्रदेश अतिरिक्त अध्यक्ष रमेश सूत्रधार (सागवाड़ा), प्रदेश महासचिव मोहन (चावंड), प्रदेश मीडिया प्रभारी गोपाल सुथार (सलूंबर), प्रदेश उपाध्यक्ष कन्हैयालाल सुथार (इंटाली खेड़ा), संभागीय अध्यक्ष बसंतिलाल सुथार (चावंड) और जिला अध्यक्ष खेमराज सुथार (कन्तोड़ा) सहित विभिन्न क्षेत्रों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।





