सलूम्बर। हिन्दू जागरण मंच, सलूम्बर की ओर से गुरुवार, 15 अक्टूबर को भदेरिया भेरुजी प्रांगण में 151 बालिकाओं का भव्य कन्या पूजन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ भदेरिया भेरुजी के भोपाजी कुरालालजी द्वारा कन्या पूजन कर किया गया।
इस अवसर पर हिन्दू जागरण मंच के जिला संयोजक शंकर लाल भोई ने बालिकाओं को संस्कार, शिक्षा एवं बड़ों के सम्मान का संदेश देते हुए कहा कि सुबह उठते ही माता-पिता एवं घर के बड़े-बुजुर्गों के चरण स्पर्श कर उनका आशीर्वाद लेना चाहिए। उन्होंने बालिकाओं से मोबाइल का उपयोग कम करने तथा पढ़ाई पर अधिक ध्यान देने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि अच्छे संस्कार और शिक्षा ही जीवन में आगे बढ़ने का मजबूत आधार हैं।
कार्यक्रम में हिन्दू जागरण मंच के जिला सहसंयोजक दुरगेस शर्मा द्वारा बालिकाओं एवं उपस्थित धर्मप्रेमियों को सामूहिक रूप से हनुमान चालीसा एवं श्रीराम स्तुति का पाठ करवाया गया। इस दौरान पूरा परिसर भक्तिमय वातावरण से गूंज उठा।
कन्या पूजन के माध्यम से नारी शक्ति के प्रति सम्मान एवं श्रद्धा का भाव प्रकट किया गया। आयोजन का उद्देश्य भारतीय संस्कृति, धार्मिक परंपराओं, संस्कारों तथा बालिकाओं के सम्मान का संदेश समाज तक पहुंचाना रहा।
हिन्दू जागरण मंच की ओर से समाज के सभी धर्मप्रेमियों से धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों में अधिक से अधिक सहभागिता निभाने का आह्वान किया गया। इस प्रकार के आयोजनों से समाज में धार्मिक चेतना, सांस्कृतिक मूल्यों एवं सामाजिक एकता को सुदृढ़ करने का संदेश दिया गया।






