सलुम्बर ग्राम पंचायत नौली। विश्व आदिवासी दिवस पर नौली गांव में रविवार को आदिवासी समाज की ओर से उत्साह के साथ आयोजन हुआ। समाजबंधुओं ने पारंपरिक वेशभूषा में शामिल होकर अपनी संस्कृति और सामाजिक एकता का संदेश दिया।
नौली के साथ रनेला, खारवा, जमना नगर, बोरिया फला, पावटी और धौलाधावड़ा से भी समाजजन रैली में शामिल हुए। डीजे की धुन और उत्साह के बीच निकली रैली विभिन्न गांवों से होकर सलूंबर के लिए रवाना हुई। रैली में महिला, पुरुष, युवा और बच्चे बड़ी संख्या में शामिल रहे।
कार्यक्रम में आदिवासी महापुरुषों और स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान को याद किया गया। वक्ताओं ने कहा कि समाज की संस्कृति, परंपराओं और प्रकृति से जुड़ाव उसकी पहचान है। युवा पीढ़ी को शिक्षा के साथ अपनी सांस्कृतिक विरासत से जोड़ना जरूरी है।
आयोजकों ने विश्व आदिवासी दिवस को समाज की एकता, शिक्षा, अधिकार और विकास के प्रति जागरूकता का अवसर बताया। कार्यक्रम में नौली सरपंच नानूराम मीणा, मुकेश मीणा, नाथूलाल मीणा, लक्ष्मण मीणा, धर्मेंद्र मीणा, धुलाराम मीणा, राजेंद्र मीणा और नरेंद्र मीणा सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।