सलूंबर, 10 अगस्त। हर घर तिरंगा अभियान के शुभारंभ पर सोमवार को सलूंबर में भव्य तिरंगा रैली निकाली गई। हाथों में तिरंगा थामे 500 से अधिक विद्यार्थियों के साथ जनप्रतिनिधि, अधिकारी, शिक्षक और शहरवासी रैली में शामिल हुए। तिरंगे की कतारों और देशभक्ति के नारों से शहर का माहौल राष्ट्रप्रेम से सराबोर हो गया।
रैली को जिला कलक्टर मुहम्मद जुनैद पी.पी., विधायक शांता अमृतलाल मीणा और भाजपा जिलाध्यक्ष चंद्रशेखर जोशी ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। पीएम श्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय के खेल मैदान से शुरू हुई रैली चुंगी नाका, बस स्टैंड सहित प्रमुख मार्गों से होते हुए गांधी मूर्ति और गांधी चौक पहुंची।
बच्चों के हाथों में तिरंगा, जुबां पर वंदे मातरम्
रैली में नगर के विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने अनुशासित पंक्तियों में कदमताल की। विद्यार्थियों के ‘वंदे मातरम्’ और देशभक्ति नारों से शहर गूंज उठा। मार्ग में नागरिकों ने भी रैली का उत्साहपूर्वक स्वागत किया।
कलेक्टर की अपील—हर घर पर लहराएं तिरंगा
जिला कलक्टर ने विद्यालय के छात्र-छात्राओं, नगरवासियों और ग्रामीणों से हर घर तिरंगा अभियान में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक घर पर तिरंगा फहराकर राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान और देशभक्ति की भावना को मजबूत करें। इस दौरान उन्होंने उपस्थित लोगों को तिरंगा शपथ भी दिलाई।
विधायक बोलीं—तिरंगा देश की आन-बान और शान विधायक शांता देवी मीणा ने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। उन्होंने सलूंबरवासियों से अपने घरों पर तिरंगा फहराने और अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की।

जोशी ने दिया ‘सेल्फी विद तिरंगा’ का संदेश
भाजपा जिलाध्यक्ष चंद्रशेखर जोशी ने हर घर तिरंगा अभियान को जन आंदोलन बनाने का आह्वान किया। उन्होंने नागरिकों से घरों पर तिरंगा फहराने के साथ ‘सेल्फी विद तिरंगा’ अभियान में भाग लेने की अपील की।









