सलूंबर, 13 अगस्त। आगामी पंचायत आम चुनाव को लेकर सलूंबर जिला प्रशासन ने तैयारियों को गति दे दी है। गुरुवार को जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलेक्टर मुहम्मद जुनैद पी.पी. ने सराड़ा और सेमारी में निर्वाचन तैयारियों की समीक्षा बैठक लेकर अधिकारियों को चुनाव से जुड़े कार्य समय पर पूरा करने के निर्देश दिए।
बैठक में निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, विकास अधिकारी, मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी, सुपरवाइजर, प्रगणक सहित निर्वाचन कार्य से जुड़े अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। कलेक्टर ने विशेष रूप से मतदाता सूचियों की शुद्धता, मतदान केंद्रों की व्यवस्थाओं और कानून-व्यवस्था की तैयारियों की जानकारी ली।
एक-एक नाम की जांच, गलती मिले तो तुरंत सुधार
कलेक्टर ने कहा कि निष्पक्ष चुनाव की बुनियाद सही मतदाता सूची है। उन्होंने प्रगणकों से मतदाता सूची की प्रगति जानी और स्वयं भी सूचियों की जांच की। सामने आई त्रुटियों को प्राथमिकता से चिह्नित कर उनका तत्काल निराकरण करने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि मतदाता सूची के कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए और सभी कार्मिक अपने दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करें।
मतदान केंद्रों पर पानी, बिजली और छाया की होगी जांच
पंचायत चुनाव को देखते हुए सभी मतदान केंद्रों का भौतिक सत्यापन जल्द पूरा करने के निर्देश दिए गए। मतदान केंद्रों पर पेयजल, बिजली, छाया, स्वच्छता और पहुंच मार्ग जैसी मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया।
कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि मतदान दिवस से पहले सभी व्यवस्थाओं का परीक्षण कर लिया जाए, ताकि मतदाताओं और मतदान दलों को परेशानी न हो।
हथियार जमा होंगे, हिस्ट्रीशीटरों पर रहेगी नजर
बैठक में पुलिस अधिकारियों और थानाधिकारियों से कानून-व्यवस्था की स्थिति की भी समीक्षा की गई। चुनाव के दौरान शांति बनाए रखने के लिए प्रभावी निगरानी के निर्देश दिए गए।
आर्म्स लाइसेंसधारियों से नियमानुसार हथियार जमा करवाने, हिस्ट्रीशीटरों पर विशेष निगरानी रखने और नियमित वाहन जांच करने के निर्देश दिए गए। साथ ही आदर्श आचार संहिता का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने को कहा गया।








