सलूंबर। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन लाल राठौड़ के कथित ‘भेड़चाल’ बयान को लेकर सलूंबर में गुरुवार को राजनीतिक विरोध तेज हो गया। भारत आदिवासी पार्टी (BAP) के कार्यकर्ताओं और आदिवासी समाजजनों ने भील राणा पूंजा चौक पर प्रदर्शन कर बयान के खिलाफ आक्रोश जताया और राठौड़ का पुतला दहन किया।
प्रदर्शन का नेतृत्व BAP जिलाध्यक्ष आनंद बुज ने किया। इस दौरान बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता और समाजजन मौजूद रहे। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि आदिवासी समाज को ‘भेड़चाल’ से जोड़ना समुदाय की भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाला बयान है।
पुतला दहन के दौरान कार्यकर्ताओं ने ‘बयान वापस लो, आदिवासी समाज से माफी मांगो’ जैसे नारे लगाए। उन्होंने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष से कथित बयान वापस लेने के साथ सार्वजनिक रूप से आदिवासी समाज से माफी मांगने की मांग की।
प्रदर्शन में BAP के उदयपुर लोकसभा प्रत्याशी प्रकाश बुज और विधानसभा प्रत्याशी जीतू भाई कटारा सहित जिला पदाधिकारी, ब्लॉक अध्यक्ष, मंडल अध्यक्ष, पार्टी कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में समाजजन शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि समाज के सम्मान से जुड़े मुद्दों पर किसी भी प्रकार की टिप्पणी स्वीकार नहीं की जाएगी।