सलूम्बर, 14 अगस्त। विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के अवसर पर शुक्रवार को हाड़ारानी राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, सलूम्बर में जिला प्रशासन की ओर से भावपूर्ण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में वर्ष 1947 के विभाजन के दौरान जान गंवाने वाले लोगों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनकी स्मृतियों को नमन किया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ हुई। इसके बाद वंदे मातरम् का सामूहिक गायन, भारत माता के चित्र पर पुष्पांजलि तथा तिरंगा हस्ताक्षर कार्यक्रम आयोजित किया गया। पंकज राव ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया। कार्यक्रम में अतिरिक्त जिला कलेक्टर डॉ. दिनेश राय सपेला भी मौजूद रहे।

दो मिनट का मौन, मंच पर जीवंत हुई विभाजन की पीड़ा

विभाजन के दौरान दिवंगत हुए लोगों की स्मृति में दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि दी गई। राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, सलूम्बर के विद्यार्थियों ने लघु नृत्य-नाटिका प्रस्तुत कर विभाजन के दर्द और विस्थापन की त्रासदी को मंच पर जीवंत किया।

कार्यक्रम को भाजपा जिलाध्यक्ष चन्द्रशेखर जोशी ने संबोधित किया। इसके बाद माहिम सुथार एवं भूमि सोलंकी ने गीत प्रस्तुत किया। चेतन मेघवाल एवं उत्तम सोनी की प्रस्तुति ने भी देशभक्ति का भाव जगाया। रामेश्वर जी जोशी ने अपने उद्बोधन में विभाजन की ऐतिहासिक पीड़ा और राष्ट्रीय एकता के महत्व पर प्रकाश डाला।

डॉक्यूमेंट्री में दिखाई विभाजन की त्रासदी
कार्यक्रम में विभाजन विभीषिका पर आधारित लघु फिल्म एवं डॉक्यूमेंट्री का प्रदर्शन किया गया। इसके बाद हिमाक्षी गर्ग ने गीत तथा स्वाति मंत्री ने लोरी प्रस्तुत की। विधायक शांता देवी मीणा ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय एकता, भाईचारे और सामाजिक सद्भाव बनाए रखने का आह्वान किया।

इसके बाद मुक्ता एवं कृतिका ने गीत प्रस्तुत किया। राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय, सलूम्बर की छात्राओं ने लघु नाटिका के माध्यम से विभाजन की पीड़ा और एकता का संदेश दिया।

मंत्री ने दिलाई राष्ट्रीय एकता की शपथ

समारोह को जनजाति एवं गृह राज्य मंत्री ने संबोधित किया। उन्होंने कहा कि विभाजन की त्रासदी को याद करना केवल अतीत को स्मरण करना नहीं, बल्कि वर्तमान और आने वाली पीढ़ियों को एकता एवं सद्भाव का महत्व समझाना है।
समापन पर उपस्थित लोगों को राष्ट्रीय एकता एवं सद्भाव की शपथ दिलाई गई। विद्यार्थियों को पारितोषिक वितरित किए गए।

कार्यक्रम में अतिरिक्त जिला कलेक्टर डॉ. दिनेश राय सपेला, जिला प्रशासन के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, शिक्षक, विद्यार्थी एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
विभाजन की पीड़ा को याद कर लिया संकल्प—देश की एकता, अखंडता और भाईचारा रहेगा सर्वोपरि।








