सलूम्बर में चुनावी रण तैयार, 25 वार्डों में 75 प्रत्याशी आमने-सामने 108 नामांकन की जांच में 33 खारिज, भाजपा-कांग्रेस के साथ BAP और निर्दलीय भी मुकाबले में
सलूम्बर। नगर परिषद चुनाव-2026 को लेकर सलूम्बर में अब चुनावी तस्वीर साफ हो गई है। शहर के 25 वार्डों में होने वाले चुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद जांच की प्रक्रिया भी पूरी कर ली गई। कुल 108 नामांकन पत्र दाखिल हुए थे, जिनमें से 33 नामांकन निरस्त होने के बाद 75 प्रत्याशी चुनावी मैदान में रह गए हैं।
रिटर्निंग अधिकारी एवं एसडीएम जगदीश चंद्र बामनिया की ओर से वैध उम्मीदवारों की सूची जारी किए जाने के साथ ही अब वार्डवार मुकाबले की स्थिति स्पष्ट हो गई है। कई वार्डों में राजनीतिक दलों के प्रत्याशियों के सामने निर्दलीय उम्मीदवार भी चुनौती पेश कर रहे हैं।
चुनावी मैदान में भाजपा, कांग्रेस और भारत आदिवासी पार्टी (BAP) के प्रत्याशियों के अलावा निर्दलीय उम्मीदवार भी ताल ठोक रहे हैं। ऐसे में कई वार्डों में मुकाबला सीधा न रहकर बहुकोणीय होने के आसार हैं।
नामांकन प्रक्रिया के दौरान बड़ी संख्या में दावेदारों ने अपनी उम्मीदवारी पेश की थी। नामांकन पत्रों की जांच के बाद 33 आवेदन खारिज होने से प्रत्याशियों की संख्या घटकर 75 रह गई। अब प्रत्याशियों के सामने प्रचार अभियान को गति देने और मतदाताओं तक पहुंच बनाने की चुनौती है।
11 सितंबर को होगा मतदान
सलूम्बर नगर परिषद के 25 वार्डों के लिए 11 सितंबर 2026 को मतदान प्रस्तावित है। चुनावी मैदान सजने के साथ ही अब वार्डों में राजनीतिक गतिविधियां तेज होने की उम्मीद है। प्रत्याशी अपने-अपने क्षेत्रों में मतदाताओं से संपर्क साधने में जुटेंगे और आने वाले दिनों में चुनावी मुकाबला और रोचक होने के आसार हैं।