खड़ी रोडवेज बस में जा घुसी कार, तीन गंभीर घायल टक्कर इतनी भीषण कि कार के परखच्चे उड़े, हाईवे पर बसों के ठहराव को लेकर उठे सवाल

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

सलूंबर/परसाद। उदयपुर-अहमदाबाद राष्ट्रीय राजमार्ग-48 पर घाटी क्षेत्र में शनिवार को तेज रफ्तार कार आगे खड़ी रोडवेज बस से जा टकराई। हादसे में कार सवार एक महिला सहित तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद मौके पर राहगीरों और ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। कार में फंसे घायलों को ग्रामीणों ने मशक्कत कर बाहर निकाला। गंभीर हालत को देखते हुए ग्रामीण निजी वाहन से तीनों को परसाद अस्पताल ले गए। यहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने अर्जुन, खेमराज और गीता, निवासी भीलवाड़ा, को बेहतर उपचार के लिए उदयपुर रेफर कर दिया। एंबुलेंस को लेकर ग्रामीणों ने जताई नाराजगी
ग्रामीणों का आरोप है कि हादसे की सूचना देने के बावजूद 108 एंबुलेंस समय पर मौके पर नहीं पहुंची। घायलों की हालत गंभीर होने के कारण ग्रामीणों ने एंबुलेंस का इंतजार करने के बजाय निजी वाहन से अस्पताल पहुंचाया। इधर, सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात सुचारू कराया। हाईवे पर बसों के ठहराव पर सवाल हादसे के बाद एक बार फिर हाईवे पर यात्री वाहनों के ठहराव की व्यवस्था सवालों के घेरे में आ गई है। ग्रामीणों का कहना है कि सर्विस रोड उपलब्ध होने के बावजूद रोडवेज बसें मुख्य हाईवे पर सवारियां उतारने-बिठाने के लिए रुकती हैं। घाटी और ढलान वाले हिस्से में तेज गति से आने वाले वाहनों के कारण यहां हमेशा दुर्घटना का खतरा बना रहता है। ग्रामीणों के अनुसार परसाद कस्बे से नियमित रोडवेज बसों का संचालन नहीं होने से यात्रियों को हाईवे पर खड़े होकर बसों का इंतजार करना पड़ता है। इससे यात्रियों को सड़क पार करनी पड़ती है और हादसे की आशंका और बढ़ जाती है। पहले भी हो चुके हैं हादसे
ग्रामीणों ने बताया कि इस मार्ग पर यात्री वाहनों के रुकने और यात्रियों के सड़क पार करने के दौरान पहले भी दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। ग्रामीणों के मुताबिक खरबर निवासी कॉलेज छात्रा हसीना पुत्री सवा मीणा की भी पूर्व में वाहन की चपेट में आने से मौत हो चुकी है। ग्रामीणों का कहना है कि बार-बार हादसों के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ है। उन्होंने प्रशासन और रोडवेज विभाग से मांग की है कि मुख्य हाईवे पर बसों का ठहराव बंद कर ओवरब्रिज के समीप सर्विस रोड पर निर्धारित स्थान बनाया जाए। साथ ही रोडवेज बसों का संचालन परसाद कस्बे से होकर करने की मांग भी दोहराई है। ग्रामीणों ने चेताया कि हाईवे पर यात्रियों को उतारने-बिठाने की व्यवस्था नहीं बदली गई तो भविष्य में भी गंभीर हादसों का खतरा बना रहेगा। उन्होंने प्रशासन से यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए जल्द प्रभावी व्यवस्था करने की मांग की है।

संवाददाता नाथूलाल सालवी

और पढ़ें

error: Content is protected !!