सलूंबर में 32 लोगों ने किया रक्तदान, 3 महिलाओं ने भी बढ़ाया सेवा का हाथ विकसित भारत-जन सेवा अभियान के तहत जिला अस्पताल में शिविर, युवाओं को रक्तदान से जोड़ने पर जोर
सलूंबर। विकसित भारत-जन सेवा अभियान के तहत गुरुवार को सलूंबर जिला अस्पताल में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। जिला कलेक्टर मुहम्मद जुनैद के निर्देश पर आयोजित शिविर में लोगों ने उत्साह के साथ भाग लेते हुए 32 यूनिट रक्तदान किया। इनमें 29 पुरुष और 3 महिलाएं शामिल रहीं।
शिविर के दौरान रक्तदाताओं को रक्तदान के महत्व की जानकारी दी गई। साथ ही जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त उपलब्ध कराने में स्वैच्छिक रक्तदाताओं की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए लोगों को नियमित रक्तदान के लिए प्रेरित किया गया। रक्तदाताओं ने रक्तदान के प्रति जागरूकता फैलाने और जरूरत के समय मानव सेवा के लिए आगे आने की शपथ भी ली।
एक महीने तक चलेंगे जागरूकता कार्यक्रम
अभियान के तहत जिले में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इस दौरान लोगों को रक्तदान के प्रति जागरूक करने के साथ नए रक्तदाताओं का पंजीयन किया जाएगा। लोगों को अपने रक्त समूह की जानकारी उपलब्ध कराने तथा जरूरत के समय उपयुक्त रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
2 अक्टूबर कोबड़े शिविर की तैयारी
अभियान के तहत 2 अक्टूबर, गांधी जयंती के अवसर पर जिले में बड़े स्तर पर रक्तदान शिविर आयोजित करने की तैयारी है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से पीएचसी, सीएचसी, उप जिला अस्पताल, जिला अस्पताल, मेडिकल कॉलेज और अन्य रक्त केंद्रों के माध्यम से अधिक से अधिक स्वैच्छिक रक्तदान शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए गए हैं।
युवाओं को अभियान से जोड़ने की पहल
रक्तदान अभियान में युवाओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए एनसीसी, उच्च शिक्षण संस्थानों, मेरा युवा भारत (MY Bharat), स्वयंसेवी संगठनों और विभिन्न युवा संस्थाओं को जोड़ा जा रहा है। इनके माध्यम से जागरूकता कार्यक्रम, रक्तदान शिविर और शपथ अभियान आयोजित किए जाएंगे।
जिले में अभियान की जिम्मेदारी मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ.महेंद्र कुमार परमार को नोडल अधिकारी के रूप में दी गई है। वहीं सहायक औषधि नियंत्रण अधिकारी को जिला स्तर पर नोडल अधिकारी बनाया गया है। रक्तदान को लेकर होने वाले शपथ कार्यक्रम ऑफलाइन और डिजिटल दोनों माध्यमों से कराए जाएंगे तथा इनकी जानकारी राज रक्त कोष पोर्टल पर दर्ज करने के निर्देश दिए गए हैं।
राष्ट्रीय स्वैच्छिक रक्तदान दिवस के अवसर पर इस वर्ष मानवता और जीवन बचाने के लिए रक्तदान को केंद्र में रखकर अभियान चलाया जा रहा है।