नाकाबंदी तोड़कर भागी क्रेटा, टायर ब्रस्टर से रोका तो 64 कार्टन शराब मिले परसाद पुलिस व डीएसटी की संयुक्त कार्रवाई, गुजरात नंबर की कार से अंग्रेजी शराब-बीयर बरामद; डूंगरपुर का चालक गिरफ्तार
सलूम्बर। अवैध शराब के परिवहन के खिलाफ परसाद पुलिस और डीएसटी टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए एक क्रेटा कार से अंग्रेजी शराब और बीयर के 64 कार्टन बरामद किए। नाकाबंदी के दौरान चालक ने पुलिस की रोकने की कोशिश को नाकाम करते हुए बैरिकेड्स तोड़कर भागने का प्रयास किया। पुलिस ने टायर ब्रस्टर की मदद से कार को रोक लिया और चालक को गिरफ्तार कर वाहन जब्त कर लिया।
पुलिस के अनुसार 16 सितंबर को अवैध शराब के परिवहन की सूचना मिलने पर परसाद थानाधिकारी गोपालकृष्ण परमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने थाने के सामने नाकाबंदी की। डीएसटी टीम के साथ एनएच-48 पर वाहनों की जांच की जा रही थी। इसी दौरान गुजरात नंबर की सफेद रंग की क्रेटा कार तेज गति से नाकाबंदी की ओर आती दिखाई दी।
पुलिस ने कार को रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक ने बैरिकेड्स में टक्कर मारकर उन्हें तोड़ दिया और वाहन को लेकर फरार होने लगा। पुलिस जवानों ने पीछा करते हुए टायर ब्रस्टर का इस्तेमाल किया, जिससे कार के आगे के टायर क्षतिग्रस्त हो गए। इसके बाद भी चालक कार को खरबर गांव की ओर जाने वाली कच्ची सड़क पर ले गया।
पुलिस टीम ने पीछा जारी रखा और कुछ दूरी पर कार को रुकवा लिया। चालक से पूछताछ की गई तो वह घबरा गया और संतोषजनक जवाब नहीं दे पाया। तलाशी लेने पर कार में अंग्रेजी शराब और बीयर के कुल 64 कार्टन मिले।
पूछताछ में चालक ने अपना नाम अनिल पिता कैलाश मीणा, निवासी लाम्बा भाटड़ा, पोस्ट चुण्डावाड़ा, थाना बिछीवाड़ा, जिला डूंगरपुर बताया। पुलिस के अनुसार शराब के परिवहन से संबंधित आवश्यक लाइसेंस और दस्तावेज भी चालक के पास नहीं मिले।
परसाद पुलिस ने शराब और कार को जब्त कर चालक को गिरफ्तार कर लिया। मामले में राजस्थान आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर शराब के स्रोत और गंतव्य सहित पूरे नेटवर्क को लेकर जांच शुरू की गई है।