सलूम्बर सभापति चुनाव में आमने-सामने कैलाश गांधी और नरेश जैन भाजपा ने अंतिम दिन खोला पत्ता, कांग्रेस पहले ही उतार चुकी है प्रत्याशी; 13 के जादुई आंकड़े पर टिकी निगाहें
सलूम्बर। नगर परिषद सभापति पद के चुनाव को लेकर अब राजनीतिक तस्वीर स्पष्ट हो गई है। भाजपा ने वार्ड 8 से निर्वाचित पार्षद कैलाश चंद्र गांधी को अपना अधिकृत प्रत्याशी बनाया है। वहीं कांग्रेस ने वार्ड 2 के पार्षद नरेश कुमार जैन को मैदान में उतारा है। दोनों प्रत्याशियों के नामांकन दाखिल होने के साथ ही सभापति पद की चुनावी कवायद निर्णायक चरण में पहुंच गई है।
भाजपा ने अंतिम दिन किया नाम का ऐलान
भाजपा में सभापति पद के चेहरे को लेकर पिछले दो दिनों से विचार-विमर्श चल रहा था। पार्टी स्तर पर अलग-अलग दावेदारों के नामों पर चर्चा के बाद आखिरकार कैलाश चंद्र गांधी के नाम पर सहमति बनी। इसके बाद उन्होंने बुधवार को रिटर्निंग अधिकारी जगदीश चंद्र बामनिया के समक्ष दो नामांकन पत्र प्रस्तुत किए।
इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष चंद्रशेखर जोशी, नगर अध्यक्ष विजेश भलवाड़ा, विधायक शांता मीणा सहित पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। पार्टी की ओर से अधिकृत चुनाव चिह्न संबंधी दस्तावेज भी जमा कराए गए।
कांग्रेस ने पहले ही तय करदिया था प्रत्याशी
कांग्रेस ने वार्ड 2 के पार्षद नरेश कुमार जैन को सभापति पद का उम्मीदवार बनाया है। उन्होंने मंगलवार को ही अपना नामांकन दाखिल कर दिया था। कांग्रेस जिलाध्यक्ष परमानंद मेहता और नगर अध्यक्ष सुनील सेवक सहित पार्टी पदाधिकारियों ने अधिकृत चुनाव चिह्न संबंधी दस्तावेज रिटर्निंग अधिकारी को सौंपे।
25 वार्ड… बहुमत के लिए 13 का आंकड़ा
14 सितंबर को आए नगर परिषद चुनाव परिणाम में भाजपा को 12, कांग्रेस को 11, बीएपी को एक और एक निर्दलीय को जीत मिली थी। ऐसे में सभापति बनने के लिए जरूरी 13 पार्षदों के समर्थन का आंकड़ा दोनों दलों के लिए महत्वपूर्ण है।
भाजपा बहुमत से एक कदम दूर है, जबकि कांग्रेस को दो पार्षदों के अतिरिक्त समर्थन की आवश्यकता होगी। ऐसे में बीएपी और निर्दलीय पार्षद की भूमिका महत्वपूर्ण मानी जा रही है। हालांकि दोनों का अंतिम रुख मतदान के समय ही स्पष्ट होगा।
कैलाश गांधी का लंबा राजनीतिक अनुभव
भाजपा प्रत्याशी कैलाश चंद्र गांधी की उम्र 65 वर्ष है और वे वार्ड 8 से पार्षद निर्वाचित हुए हैं। उनकी शैक्षणिक योग्यता बीकॉम प्रथम वर्ष बताई गई है और वे व्यापार से जुड़े हैं। उनके नाम करीब 1.78 करोड़ रुपए की घोषित संपत्ति है। उनके नाम कार, मोटरसाइकिल और स्कूटी सहित करीब 25.50 लाख रुपए के वाहन बताए गए हैं। घोषित आपराधिक मामले शून्य हैं।
गांधी लंबे समय से राजनीति से जुड़े रहे हैं और पार्टी संगठन में भी विभिन्न जिम्मेदारियां संभाल चुके हैं।
नरेश जैन के सामने सभापति पद की चुनौती
कांग्रेस प्रत्याशी नरेश कुमार जैन 57 वर्षीय हैं और वार्ड 2 से पार्षद चुने गए हैं। वे 10वीं पास हैं और व्यापार करते हैं। उनके नाम करीब 3.09 करोड़ रुपए की घोषित संपत्ति है। दो कारों की कीमत करीब 35 लाख रुपए बताई गई है। उनके खिलाफ घोषित आपराधिक मामले शून्य हैं।
नरेश जैन के पिता छगनलाल जैन भी लंबे समय तक सार्वजनिक जीवन से जुड़े रहे हैं और विभिन्न स्थानीय एवं जिला स्तरीय राजनीतिक जिम्मेदारियां संभाल चुके हैं।
21 सितंबर को होगा फैसला
नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब सभी की निगाहें 21 सितंबर को होने वाली चुनाव प्रक्रिया पर हैं। 25 सदस्यीय नगर परिषद में 13 पार्षदों का समर्थन हासिल करने वाला प्रत्याशी सभापति पद पर काबिज होगा। आने वाले दिनों में दोनों दल अपने-अपने समर्थन का गणित मजबूत करने में जुटेंगे।
कैलाश गांधी बनाम नरेश जैन—अब फैसला 21 सितंबर को मतदान के बाद होगा।