सलूम्बर में भाजपा प्रदेशाध्यक्ष के बयान के विरोध में कांग्रेस करेगी प्रदर्शन जिलाध्यक्ष परमानन्द मेहता के नेतृत्व में मदन राठौड़ का पुतला दहन, कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से जुटने की अपील
सलूम्बर। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ के पाकिस्तान को लेकर दिए गए कथित बयान के विरोध में सलूम्बर जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से प्रदर्शन कर पुतला दहन किया जाएगा। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा के निर्देशानुसार जिलाध्यक्ष परमानन्द मेहता के नेतृत्व में इस कार्यक्रम की तैयारी की जा रही है।
कांग्रेस की ओर से जारी सूचना के अनुसार, मदन राठौड़ के बयान में अमेरिका द्वारा पाकिस्तान पर हमला किए जाने की स्थिति में भारत के पाकिस्तान के साथ खड़े रहने और उसे सहायता देने की बात कही गई थी। कांग्रेस ने इस बयान पर विरोध जताते हुए पुतला दहन करने का निर्णय लिया है।
कांग्रेसजनों से अधिकाधिक संख्या में पहुंचने की अपील
कार्यक्रम में जिला कांग्रेस कार्यकारिणी के पदाधिकारियों, एआईसीसी एवं पीसीसी सदस्यों, पूर्व सांसदों, सांसद प्रत्याशियों, विधायकों, पूर्व विधायकों, पूर्व जिलाध्यक्षों, जिला प्रमुखों, प्रधानों, नगर परिषद के सभापति एवं उपसभापति, पार्षदों तथा विभिन्न ब्लॉक और मंडल स्तर के पदाधिकारियों को आमंत्रित किया गया है।
इसके साथ ही युवक कांग्रेस, एनएसयूआई, महिला कांग्रेस, सेवादल, किसान कांग्रेस, एससी-एसटी एवं ओबीसी विभाग, अल्पसंख्यक विभाग सहित विभिन्न प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से भी कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की गई है।
जिला कांग्रेस कमेटी ने सलूम्बर जिले के समस्त कांग्रेसजनों से अधिकाधिक संख्या में उपस्थित होकर विरोध प्रदर्शन में भाग लेने का आह्वान किया है।