कुराबड़ (उदयपुर)- राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में विजयादशमी
के अवसर पर गुरुवार, 2 अक्टूबर को कुराबड़ स्थित हनुमान मंदिर, वाटिका मार्ग पर भव्य विजया दशमी उत्सव एवं शस्त्र पूजन समारोह आयोजित किया गया।
प्रातः 11 बजे शुरू हुए इस आयोजन में संघ के स्वयंसेवकों ने पूर्ण गणवेश में पारंपरिक विधि से शस्त्र पूजन किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में नगर के गणमान्य नागरिक, सामाजिक, धार्मिक एवं सांस्कृतिक संगठनों के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ पदाधिकारियों ने विजयादशमी के महत्व पर प्रकाश डालते हुए संघ के शताब्दी वर्ष से जुड़ी प्रेरक बातें साझा कीं। उन्होंने कहा कि शस्त्र पूजन संघ की परंपरा में शक्ति, अनुशासन और राष्ट्ररक्षा के प्रति समर्पण का प्रतीक है।
शस्त्र पूजन के पश्चात उपस्थित स्वयंसेवकों और अतिथियों को संबोधित करते हुए बौद्धिक कर्ता ने देश की संस्कृति, सेवा और संगठन के मूल्यों पर बल दिया। आयोजन के माध्यम से राष्ट्रभक्ति और संगठनात्मक चेतना का प्रभावी संदेश समाज के विभिन्न वर्गों तक पहुंचा।