टोंक । जिले के पंचायत आम चुनाव 2026 के तहत जिले में जिला प्रमुख, उप जिला प्रमुख, प्रधान और उप प्रधान पदों के अप्रत्यक्ष निर्वाचन की प्रक्रिया का कार्यक्रम सोमवार को जारी कर दिया गया है। जिला निर्वाचन अधिकारी (कलक्टर) टीना डाबी द्वारा जारी आदेश के अनुसार, आगामी 25 से 28 नवंबर तक विभिन्न चरणों में इन पदों के लिए मतदान और परिणामों की घोषणा की जा
राज्य निर्वाचन आयोग, राजस्थान से प्राप्त कार्यक्रम के अनुसार, जिला परिषद निर्वाचन क्षेत्र के निर्वाचित सदस्यों की प्रथम बैठक की अध्यक्षता स्वयं जिला कलक्टर टीना डाबी करेंगी, जबकि पंचायत समितियों की बैठकों के लिए संबंधित रिटर्निंग अधिकारियों को अधिकृत किया गया है। प्रशासन ने सभी निर्वाचित सदस्यों को सूचना देने और नोटिस बोर्ड पर कार्यक्रम चस्पा करने के निर्देश दिए हैं।
निर्वाचन तिथियों का कार्यक्रम
जारी आदेश के अनुसार प्रमुख पदों के लिए चुनाव तिथियां इस प्रकार निर्धारित की गई हैं:
• 25 नवंबर 2026 (बुधवार): जिला प्रमुख का चुनाव
• 26 नवंबर 2026 (गुरुवार): उप जिला प्रमुख का चुनाव
• 27 नवंबर 2026 (शुक्रवार): प्रधान का चुनाव
• 28 नवंबर 2026 (शनिवार): उप प्रधान का चुनाव
ऐसी रहेगी चुनाव की दैनिक समय-सारणी
निर्धारित तिथियों पर संबंधित निकायों में चुनाव प्रक्रिया सुबह 10 बजे से शुरू होकर शाम को परिणाम की घोषणा तक पूरी की जाएगी:
• सुबह 10:00 बजे: बैठक का प्रारंभ
• सुबह 11:00 बजे तक: नाम निर्देशन पत्रों (नामांकन) का प्रस्तुतीकरण
• सुबह 11:30 बजे से: नामांकन पत्रों की संवीक्षा (जांच)
• दोपहर 1:00 बजे तक: अभ्यर्थिता वापसी (नाम वापस लेने का समय)
• दोपहर 1:00 बजे के तुरंत बाद: चुनाव प्रतीकों का आवंटन और अंतिम प्रत्याशियों की सूची जारी करना
• दोपहर 3:00 से शाम 5:00 बजे तक: मतदान (यदि आवश्यक हुआ तो)
• शाम 5:00 बजे से: मतगणना एवं निर्वाचन परिणाम की घोषणा (या मतदान समाप्ति के तुरंत बाद, जो भी पहले हो)