सलूम्बर जिले के नौली गांव में पिछले कई दिनों से नालियों की सफाई कार्य पूरी तरह ठप्प पड़ा हुआ है, जिसके चलते ग्रामीण भारी परेशानी झेल रहे हैं। गांव की मुख्य सड़कों और गलियों में जाम नालियों के कारण गंदा पानी भर गया है। बदबू, कीचड़ और मच्छरों का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है, जिससे स्वास्थ्य संबंधी खतरा मंडराने लगा है। बच्चों और बुजुर्गों पर इसका सबसे ज्यादा असर देखने को मिल रहा है।
ग्रामीणों ने बताया कि नालियों की नियमित सफाई न होने के कारण पानी जमा होकर कीचड़ बन रहा है और कई जगहों पर यह गंदा पानी घरों के बाहर तक फैल गया है। इससे गुजरने वाले राहगीरों को भी आने-जाने में काफी दिक्कत हो रही है।स्थानीय लोगों के अनुसार, पंचायत प्रशासन को कई बार शिकायत करने के बावजूद अभी तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है। ग्रामीणों ने कहा—”हमने कई बार सफाई के लिए कहा, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही है। गंदगी से बीमारियों का खतरा लगातार बढ़ रहा है।”
महिलाओं ने भी चिंता जताते हुए बताया कि बदबू और पानी भराव के कारण उनके रोजमर्रा के कामकाज प्रभावित हो रहे हैं।
ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द से जल्द नालियों की सफाई करवाने और समस्या का स्थायी समाधान सुनिश्चित करने की अपील की है।