हॉस्टल में रहने वाली छात्रा का शव एनीकट में मिलने से सनसनी स्कूल जाने निकली पायल की मौत पर सवाल, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका; पुलिस हर पहलू से जांच में जुटी

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

सलूम्बर। जिले के परसाद थाना क्षेत्र में गुरुवार को एक होस्टल में रहने वाली छात्रा का शव एनीकट में मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सावनिया एनीकट में युवती का शव तैरता हुआ मिलने की सूचना पर परसाद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी भिजवाया।
मृतका की पहचान बिरोठी ढेलाई निवासी पायल पुत्री शिवलाल के रूप में हुई है। परिजनों ने बताया कि पायल सरू स्थित जनजाति बालिका आवास (होस्टल) में रहकर पढ़ाई कर रही थी। गुरुवार सुबह वह स्कूल जाने के लिए निकली थी, लेकिन शाम तक वापस नहीं लौटी। काफी तलाश के बाद शुक्रवार को उसका शव एनीकट में मिलने की सूचना मिली।
घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिजन परसाद थाने पहुंच गए। परिजनों ने इसे हत्या का मामला बताते हुए दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। इस दौरान थाने पर धरना-प्रदर्शन भी हुआ, जिससे कुछ समय के लिए तनाव की स्थिति बन गई।
पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाइश की और शांति बनाए रखने की अपील की। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा। फिलहाल मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है और आवश्यक साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।
पुलिस प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि निष्पक्ष जांच कर तथ्य सामने लाए जाएंगे और यदि कोई दोषी पाया गया तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

और पढ़ें

error: Content is protected !!