सलूंबर। प्रदेश सरकार के दो वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर सलूंबर जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को जन-जन तक पहुँचाने के उद्देश्य से व्यापक स्तर पर आरोग्य शिविरों का आयोजन किया गया। जिला चिकित्सालय सहित जिले के कुल 212 चिकित्सालयों में आयोजित इन शिविरों के माध्यम से 14,785 लोगों ने विभिन्न चिकित्सा सुविधाओं का लाभ उठाया।
आरोग्य शिविरों में सामान्य रोग परीक्षण के साथ-साथ ब्लड प्रेशर, शुगर, एनीमिया, नेत्र परीक्षण, मातृ-शिशु स्वास्थ्य जांच एवं आवश्यक दवाओं का निःशुल्क वितरण किया गया। विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवाएं उपलब्ध रहने से ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों के मरीजों को एक ही स्थान पर समुचित उपचार मिला।
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि सरकार की मंशा के अनुरूप अंतिम छोर तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने के लिए यह अभियान चलाया गया, जिसमें आमजन की भागीदारी उत्साहजनक रही। शिविरों के दौरान कई रोगियों की प्रारंभिक जांच कर उन्हें आगे के उपचार के लिए संदर्भित भी किया गया।
जिले भर में सफलतापूर्वक आयोजित इन आरोग्य शिविरों से न केवल लोगों को समय पर स्वास्थ्य परामर्श मिला, बल्कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रति विश्वास भी मजबूत हुआ।