खाद किल्लत, बढ़ती चोरी और योजना नाम बदलने पर कांग्रेस का ज्ञापन 31 दिसंबर को जिला स्तरीय आंदोलन की चेतावनी

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

सलूम्बर। जिले में बढ़ती चोरी की घटनाओं, सहकारी समितियों में खाद–डीएपी की किल्लत और केंद्र सरकार द्वारा जनकल्याणकारी योजनाओं के नाम बदले जाने के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी सलूम्बर ने सोमवार को प्रशासन को ज्ञापन सौंपा। कांग्रेस ने चेतावनी दी कि यदि इन समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो 31 दिसंबर को जिला स्तरीय आंदोलन किया जाएगा।
ज्ञापन में बताया गया कि रबी फसलों की बुवाई के इस महत्वपूर्ण समय में किसानों को यूरिया व डीएपी खाद की भारी कमी का सामना करना पड़ रहा है। सहकारी समितियों में पर्याप्त खाद उपलब्ध नहीं होने से किसान सुबह से शाम तक लाइनों में खड़े रहने को मजबूर हैं, फिर भी उन्हें खाद नहीं मिल पा रही है। इससे गेहूं, चना सहित अन्य रबी फसलों के उत्पादन पर प्रतिकूल असर पड़ने की आशंका जताई गई है।
जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष परमानन्द मेहता (एडवोकेट) ने कहा कि 8 दिसंबर को भी इस समस्या को लेकर प्रशासन को ज्ञापन सौंपा गया था, लेकिन अब तक स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि सलूम्बर जिले की अधिकांश आबादी कृषि पर निर्भर है और खाद की आपूर्ति बाधित होने से किसानों की आजीविका पर सीधा असर पड़ रहा है।
कांग्रेस ने ज्ञापन में जिले में चोरी की बढ़ती वारदातों पर भी चिंता जताते हुए कानून-व्यवस्था मजबूत करने की मांग की। साथ ही केंद्र सरकार पर योजनाओं के नाम बदलकर जनता को भ्रमित करने का आरोप लगाया गया।
कांग्रेस कमेटी ने प्रशासन से शीघ्र खाद की पर्याप्त आपूर्ति सुनिश्चित करने, चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने और किसानों की समस्याओं का समाधान करने की मांग की है। चेतावनी दी गई कि यदि समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए गए तो 31 दिसंबर को जिला स्तरीय आंदोलन किया जाएगा।

और पढ़ें

error: Content is protected !!