ग्रामीण इलाकों में चोरों का आतंकः कांग्रेस ने की सख्त कार्रवाई की मांग

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

सलूंबर। जिले के ग्रामीण इलाकों में चोरी की लगातार बढ़ती घटनाओं को लेकर ग्रामीणों में गहरा रोष व्याप्त है। इन वारदातों पर चिंता जताते हुए जिला कांग्रेस कमेटी सलूंबर ने बुधवार को पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर त्वरित और प्रभावी कार्रवाई की मांग की।
कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने ज्ञापन में बताया कि सलूंबर क्षेत्र के ग्राम सेरिया सहित आसपास के गांवों में हाल के दिनों में करीब 20 स्थानों पर चोरी की घटनाएं सामने आई हैं। इन वारदातों में लाखों रुपये के जेवरात व कीमती सामान चोरी हो चुके हैं, जिससे ग्रामीणों की वर्षों की मेहनत की जमा पूंजी को भारी नुकसान हुआ है।
ज्ञापन में यह भी आरोप लगाया गया कि सराड़ा थाना क्षेत्र के ग्राम सगतड़ा में सक्रिय चोर गिरोह द्वारा अब तक तीन बार चोरी की वारदातों को अंजाम दिया गया है। बावजूद इसके, ठोस कार्रवाई नहीं होने से चोरों के हौसले बुलंद हैं और भय के माहौल में ग्रामीण रातभर जागकर अपने घरों की रखवाली करने को मजबूर हैं।
जिला कांग्रेस कमेटी ने कहा कि जिले में पर्याप्त पुलिस बल उपलब्ध होने के बावजूद चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश नहीं लग पा रहा है। ज्ञापन में रात्रि गश्त को सख्त करने, विशेष पुलिस टीमों का गठन कर गांव-गांव निगरानी बढ़ाने तथा ग्रामीणों के सहयोग से सतर्कता दल बनाकर चोरी की घटनाओं पर रोक लगाने की मांग की गई।
इस अवसर पर जिला कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

और पढ़ें

error: Content is protected !!